Search

फरीदाबाद में अग्निकांड: थर्माकोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, धू-धू कर जलीं तीन कंपनियां

Apr 19, 2026 10:49 AM

फरीदाबाद। दिल्ली से सटे फरीदाबाद का मुजेसर औद्योगिक क्षेत्र शनिवार शाम उस वक्त धधक उठा, जब किरण पैकेजिंग नामक थर्माकोल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि आसमान में काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा।

थर्माकोल होने के कारण आग बिजली की रफ्तार से फैली और फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल व अन्य ज्वलनशील पदार्थों ने आग में घी का काम किया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री के अंदर से तेज धमाकों की आवाजें आ रही थीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा जानी नुकसान; सुरक्षित निकाले गए मजदूर

गनीमत यह रही कि मुजेसर थाना फैक्ट्री के ठीक बगल में स्थित है। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने जैसे ही जलने की आवाज और धुआं देखा, वे तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए फैक्ट्री के अंदर फंसे 4-5 कर्मचारियों को बाहर निकाला।

आग की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों में चल रही नाइट शिफ्ट को भी बंद करवा दिया गया और वहां काम कर रहे तमाम मजदूरों को परिसर से बाहर कर दिया गया। इसी सूझबूझ के चलते इस भीषण अग्निकांड में किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।

18 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, अन्य फैक्ट्रियां भी चपेट में

आग इतनी बेकाबू थी कि शुरुआती तीन दमकल गाड़ियां नाकाफी साबित हुईं। इसके बाद शहर के अलग-अलग केंद्रों से एक के बाद एक कुल 18 गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। आग की ऊंची उठती लपटों ने पास की 'ओमेगा ब्राइट स्टील उद्योग' और 'एनवोसफे एक्वा सॉल्यूशन' कंपनी को भी अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर दोनों तरफ से ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया ताकि दमकल की गाड़ियों को आने-जाने में दिक्कत न हो। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक करोड़ों का माल जलकर राख हो चुका था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!