Faridabad Crime: फरीदाबाद की सर्वम सोसाइटी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज में ट्रक न मिलने पर हत्या का आरोप
Jun 12, 2026 12:38 PM
फरीदाबाद। फरीदाबाद के वीआईपी इलाके सूरजकुंड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी के एक फ्लैट में रह रही विवाहिता सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की भनक लगते ही मृतका के मायके वाले गुरुग्राम के बिलासपुर से भारी संख्या में फरीदाबाद पहुंच गए।
बेटी का शव देख परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सोसाइटी परिसर के भीतर ही ससुराल पक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। माहौल इस कदर गरमा गया कि स्थानीय पुलिस के हाथ-पांव फूल गए, जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम को बुलाना पड़ा।
अनबन के बाद रह रहे थे अलग, ट्रक और पैसों के लिए प्रताड़ना का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मृतका सीमा मूल रूप से गुरुग्राम की रहने वाली थी। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही घर में कलह शुरू हो गई। पारिवारिक अनबन इस कदर बढ़ी कि सीमा और उसका पति पिछले कुछ महीनों से परिवार से अलग सर्वम सोसाइटी में किराए का फ्लैट लेकर रह रहे थे। मृतका के भाइयों ने आरोप लगाया है कि यह कोई आत्महत्या का मामला नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
परिजनों के अनुसार, ससुराल पक्ष ने हाल ही में बिल्डिंग मटेरियल का नया धंधा शुरू किया था, जिसके लिए वे सीमा पर लगातार मायके से मोटी रकम और एक कमर्शियल ट्रक लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने सीमा को रास्ते से हटा दिया।
क्राइम ब्रांच ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बताया कि फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस ने मृतका के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी पति, सास, ससुर और ससुर के सगे भाई के खिलाफ हत्या की संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरों के पैनल द्वारा की जा रही पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की गिरफ्तारियां की जाएंगी।