फरीदाबाद में सनसनी: शराब नहीं मिली तो आहाता मैनेजर को पत्थरों से मार डाला
Apr 15, 2026 12:20 PM
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी बीती रात सेक्टर-3 इलाके में देखने को मिली। यहां एक शादी समारोह में आए युवकों ने महज इसलिए एक युवक की जान ले ली क्योंकि उसने समय खत्म होने के बाद शराब परोसने से मना कर दिया था। मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले 30 वर्षीय आदेश यादव के रूप में हुई है, जो पिछले दो साल से यहां एक आहाते में बतौर मैनेजर काम कर रहा था। सनसनीखेज बात यह है कि जहां यह कत्लेआम हुआ, वहां से पुलिस चौकी चंद कदमों की दूरी पर है, लेकिन हमलावरों के मन में कानून का रत्ती भर भी खौफ नजर नहीं आया।
जिद, बहस और फिर खूनी खेल
वारदात की शुरुआत रात करीब साढ़े बारह बजे हुई। मृतक के भाई सुमित के मुताबिक, पास के ही कम्युनिटी सेंटर में चल रही शादी से दो-तीन युवक आहाते पर आए। आहाता बंद हो चुका था, लेकिन युवक जबरन अंदर बैठकर शराब पीने की जिद करने लगे। आदेश ने जब नियमों का हवाला देते हुए मना किया, तो उनके बीच तीखी बहस हो गई। उस वक्त तो युवक वहां से चले गए, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वे बड़ी साजिश के साथ लौटेंगे। कुछ ही देर बाद वे अपने साथ 8-10 अन्य साथियों को लेकर आए और सोते हुए आदेश पर लाठियों और पत्थरों से टूट पड़े।
बेरहमी की हदें पार: मौके पर ही तोड़ा दम
हमलावरों ने आदेश को संभलने तक का मौका नहीं दिया। उसे बीच सड़क पर घसीटा गया और तब तक पीटा गया जब तक उसके शरीर में हरकत बंद नहीं हो गई। भाई सुमित ने बताया कि शोर सुनकर जब तक लोग मदद के लिए दौड़ते, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पत्थर और डंडों के प्रहार से आदेश के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जो इस वक्त गहरे सदमे में है।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि वारदात स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शादी समारोह में आए मेहमानों की भी सूची तैयार की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान पुख्ता हो सके। पुलिस ने दावा किया है कि कुछ संदिग्धों को राउंडअप किया गया है और जल्द ही मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय पीसीआर गश्त न होने के कारण बदमाशों के हौसले बढ़े हुए हैं और वे छोटी-छोटी बातों पर खूनी वारदातों को अंजाम देने से नहीं कतराते।