फरीदाबाद में भीषण हादसा: बारिश के बीच ट्रांसफॉर्मर में जोरदार ब्लास्ट
May 06, 2026 1:00 PM
फरीदाबाद। हरियाणा के लिए मई का महीना इस बार प्रचंड गर्मी के बजाय भारी बारिश और तबाही का संदेश लेकर आया है। मंगलवार शाम से शुरू हुआ मौसम का मिजाज बुधवार तक सात जिलों में झमाझम बारिश के रूप में बरस रहा है। फरीदाबाद, पानीपत और सोनीपत में जहां बादलों ने डेरा डाल रखा है, वहीं नूंह और झज्जर में हुई तेज ओलावृष्टि ने मंजर को कश्मीर जैसा बना दिया। बहादुरगढ़ की सड़कों पर ओलों की ऐसी चादर बिछी कि गाड़ियाँ रेंगने पर मजबूर हो गईं। करनाल में सबसे ज्यादा 60.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसने ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी।
फरीदाबाद में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट, बिजली व्यवस्था चरमराई
बारिश ने केवल राहत ही नहीं, बल्कि डर का माहौल भी पैदा कर दिया। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बारिश का पानी भरने से एक मुख्य ट्रांसफॉर्मर में जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते उसमें ब्लास्ट हो गया। इसके अलावा सोनीपत के 33 केवीए पावर हाउस में भी धमाका होने की खबर है। बिजली विभाग की मानें तो प्रदेश भर में 16 जिलों में 5,173 बिजली के खंभे और 340 ट्रांसफॉर्मर गिर गए हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में घंटों से बिजली गुल है।
आंधी की चपेट में आने से कर्मचारी की मौत, भिवानी में तिरंगा पोल गिरा
मौसम की यह बेरुखी कई परिवारों पर भारी पड़ी है। फतेहाबाद के टोहाना में ड्यूटी पर तैनात हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारी आदेश कुमार के ऊपर पेड़ की भारी टहनी गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। भिवानी में भी हवाओं का वेग इतना तेज था कि 100 फीट ऊंचा तिरंगा पोल पास की दुकान पर जा गिरा। सिरसा में गोशालाओं के शेड उड़ने और भिवानी में सात घरों की छतें गिरने से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेज हवाओं और ओलों के कारण फसल कटाई के बाद के कार्यों में भी बाधा आई है।
लू गायब, अब दो दिन का 'यलो अलर्ट'
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। हिसार जैसे जिलों में जहां पारा 40 डिग्री पार होना चाहिए था, वहां आज 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है। रोहतक, सिरसा और नारनौल में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे जाने के कारण लोगों को फिर से चादर ओढ़नी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।