Search

Punjab News: फाजिल्का में CIA स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, जिंदा हैंड ग्रेनेड सहित तीन युवक गिरफ्तार, कोर्ट ने तीनों को रिमांड पर भेजा

May 20, 2026 4:08 PM

फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का जिले में CIA स्टाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी जलालाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। अदालत में पेशी के बाद तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई

CIA स्टाफ फाजिल्का के इंचार्ज सुनील कुमार और जांच अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक किसी अज्ञात व्यक्ति से हैंड ग्रेनेड मंगवाकर अपने साथियों के संपर्क का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखवीर सिंह उर्फ मंगा, गुरपिंदर सिंह उर्फ मन्ना और शेखविंद्र सिंह उर्फ लबी के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद ग्रेनेड को सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हैंड ग्रेनेड कहां से हासिल किया। जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय तो नहीं है। पुलिस विभिन्न तकनीकी और खुफिया पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि सप्लाई चेन और अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाया जा सके। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!