Search

राजस्‍थान में निवेश करके उद्यमी इसके विकास में भागीदार बनें: मुख्यमंत्री शर्मा

Feb 27, 2026 7:29 PM

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान निवेश के लिहाज से पूरी तरह तैयार है और उद्यमी निवेश करके राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनें।

वे यहां ‘राजस्थान सी-साइड स्टार्टअप समिट-2026’ को संबोधित कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि प्रौद्योगिकी, 'डिजिटल गवर्नेंस' और 'स्टार्टअप इकोसिस्टम' के क्षेत्र में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम 'कारोबारी सुगमता' को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान आज निवेश की दृष्टि से पूरी तरह तैयार है। सरकार द्वारा नीतियों और प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है, जिससे निवेशक आसानी से अपना उद्यम यहां स्थापित कर सके।

उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे राजस्थान में निवेश करके राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनें तथा आत्मनिर्भर तथा विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करें। आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि राजस्थान आज सीमाओं से परे भी नवाचार और साझेदारी में आगे बढ़ रहा है।

शर्मा ने कहा कि राजस्थान कृत्रिम मेधा (एआई), डीपटेक और उभरती प्रौद्योगिकियों से लेकर मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार द्वारा पिछले दो सालों में आई-स्टार्ट के माध्यम से 3,450 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं।

इस अवसर आर्मेनिया गणराज्य के राजदूत वहागन आफ्यान ने कहा कि भारत और आर्मेनिया के बीच तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरन्तर सहयोग किया जा रहा है। राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार डिजिटल आधारित नवाचारों तथा स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!