Rajasthan News: नीमराना में अवैध कबाड़ गोदाम में आग के बाद धमाका, 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 लोग लापता
Apr 25, 2026 10:27 AM
जयपुर: राजस्थान के नीमराना (कोटपूतली-बहरोड़) में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक अवैध कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें दो मासूम भी शामिल हैं। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि दो अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। सभी मृतक झारखंड के बताए जा रहे हैं और शवों की पहचान डीएनए टेस्ट से की जाएगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार परफ्यूम की बोतलों से निकले ज्वलनशील केमिकल में आग लगने से हादसा हुआ, जिससे गोदाम में रखे केमिकल ड्रमों में भी तेज धमाके हुए और लपटें करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं।
बीड़ी की चिंगारी बनी हादसे की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि गोदाम कृषि भूमि पर बना हुआ था और इसे कबाड़ कारोबारी करण सिंह पुत्र मामन सिंह कोलीला ने किराये पर लिया था। शुक्रवार शाम मजदूर कबाड़ में मिली परफ्यूम की बोतलों को तोड़ रहे थे, जिनसे स्पिरिट जैसा ज्वलनशील केमिकल निकल रहा था। इसी दौरान वहां कबाड़ लोड करने आए एक पिकअप चालक ने बीड़ी पीकर जलती तीली फेंक दी, जिससे केमिकल ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया।
टीनशेड गिरने से फंसे मजदूर
हादसे के समय गोदाम में करीब सात लोग मौजूद थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। आग फैलते ही सभी लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान दो नाबालिग और एक महिला गोदाम के पिछले हिस्से में छुप गए, जहां कबाड़ नहीं रखा था। उन्हें लगा कि वहां आग नहीं पहुंचेगी, लेकिन भीषण गर्मी के कारण टीनशेड के पिलर पिघलकर उन पर गिर गए और नीचे जल रहे प्लास्टिक कचरे के कारण वे वहीं फंस गए।
धमाकों से दहशत में आया इलाका
गोदाम में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब पांच बार जोरदार विस्फोट हुए और आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहले भी हो चुकी थीं शिकायतें
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस अवैध गोदाम को लेकर पहले भी प्रशासन से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध गोदामों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।