September 26, 2026

Kurukshetra Road Accident: NH-152 पर ईंटों से भरी ट्रॉली में घुसी कार, जान पर खेलकर पुलिस जवान ने बचाई जिंदगी

0
Kurukshetra Road Accident: NH-152 पर ईंटों से भरी ट्रॉली में घुसी कार, जान पर खेलकर पुलिस जवान ने बचाई जिंदगी

NH-152 पर ईंटों से भरी ट्रॉली में घुसी कार

Kurukshetra Road Accident:अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 पर भेरियां गांव के समीप शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैथल की तरफ से इस्माईलाबाद की ओर जा रही ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही जिंदगी और मौत के बीच झूलने लगा। लेकिन इस भयानक मंजर के बीच हरियाणा पुलिस के एक जांबाज सिपाही ने अपनी जान की परवाह किए बिना जो हिम्मत दिखाई, उसने खाकी के प्रति सम्मान और बढ़ा दिया है।

रात दो बजे हाईवे पर गूंजी चीख-पुकार

कुरुक्षेत्र डायल-112 के इंचार्ज निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे अचानक कार टकरा जाने से चीख-पुकार मच गई। कार चला रहा गुमथला गढू निवासी शिवम कपूर गाड़ी के मलबे में बुरी तरह फंस गया। गश्त कर रही डायल-112 की ERV-717 टीम को जैसे ही कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली, पुलिसकर्मी बिना समय गंवाए कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए।

खुद जख्मी हुए, पर नहीं रुकने दिया रेस्क्यू

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार चालक का आधा शरीर मुड़े हुए लोहे के बीच दबा हुआ था। डायल-112 की टीम में तैनात पुलिस जवान बलकार सिंह ने बिना देरी किए रेस्क्यू शुरू किया। कार के अगले हिस्से और चादर को काटकर चालक को निकालने के प्रयास के दौरान बलकार सिंह खुद भी कांच व लोहे के तीखे टुकड़ों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और करीब आधे घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद आखिरकार शिवम कपूर को सही-सलामत बाहर निकाल लिया।

डीएसपी पहुंचे मौके पर, मोहाली रेफर

हादसे और रेस्क्यू की जानकारी मिलते ही डीएसपी रोहित कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जवान बलकार सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

परिजनों और पुलिस अधिकारियों ने बलकार सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पंजाब के जिला मोहाली अंतर्गत डेराबस्सी के एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में दाखिल कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं कार चालक शिवम कपूर की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें– कैथल में सड़क हादसे में 15 साल के स्कूली छात्र की मौत, सुबह की सैर पर निकले मासूम को बाइक ने मारी टक्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed