Ludhiana Murder Case : औद्योगिक शहर लुधियाना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सदर थाना इलाके के अंतर्गत नहर के पास एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में यह साफ नजर आ रहा है कि बेरहम कातिलों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से यहां फेंका और फरार हो गए। मृतका के पेट के अगले हिस्से और गर्दन की बाईं तरफ धारदार हथियारों से कई गहरे वार किए गए हैं, जो हत्या की क्रूरता बयां कर रहे हैं।
पहचान छिपाने की कोशिश, शरीर पर बने हैं टैटू
घटना की सूचना मिलते ही 18 सितंबर की शाम थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है क्योंकि घटनास्थल से ऐसा कोई दस्तावेज, मोबाइल या पर्स नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
पुलिस अब मृतका के शरीर पर बने निशानों को उसकी पहचान का जरिया बना रही है। मृतका की दाहिने बाजू पर अंग्रेजी में ‘Money’ का टैटू गुदा हुआ है और बाईं बाजू पर तीन स्टार बने हुए हैं, जिसके आधार पर लोगों से पहचान की अपील की जा रही है।
मोर्चरी में रखा शव, गुमशुदगी की फाइलों की छानबीन
थाना सदर के एसएचओ के अनुसार, कानूनन प्रक्रिया के तहत मृतका की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को अगले 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
पुलिस ने लुधियाना के सभी थानों और पुलिस चौकियों के अलावा आसपास के पड़ोसी जिलों में भी मृतका का हुलिया और टैटू की डिटेल्स भेज दी हैं। इसके साथ ही पिछले एक हफ्ते के दौरान थानों में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों की फाइलें भी खंगाली जा रही हैं ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस अब तकनीकी सर्विलांस और जमीनी सबूतों का सहारा ले रही है। नहर रोड और उसके आसपास के रास्तों पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से चेक की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्यारे किस वाहन से आए थे और शव को यहां किस वक्त फेंका गया।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की तह तक पहुंचकर जल्द ही कातिलों को बेनकाब किया जाएगा और उन्हें कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
Amritsar drug seizure : अमृतसर में 10 किलो हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरोह का सरगना गिरफ्तार


