Nangal Chaudhary News: नांगल चौधरी क्षेत्र स्थित बखरीजा माइन नंबर-2 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के अंदर डंपर खाई में गिरने से उसके नीचे दबने से ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान निजामपुर क्षेत्र के रूप सराय गांव निवासी करीब 40 वर्षीय भगराम के रूप में हुई है, जो चार बच्चों का पिता था। इस आकस्मिक दुर्घटना और दिवाली से ठीक दो दिन पहले हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही खनन क्षेत्र में काम करने वाले सैकड़ों डंपर ड्राइवर और अन्य कर्मचारी तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित चालकों ने खदान में आने-जाने वाले रास्ते को बेहद खतरनाक बताते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। ड्राइवरों का आरोप था कि जेसीबी से पहाड़ काटकर यह रास्ता बनाया गया है, जिस पर वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा है।
उन्होंने बताया कि रास्ते की इस जर्जर हालत को लेकर कई बार खदान संचालकों से शिकायत की गई थी, लेकिन इसे ठीक नहीं कराया गया। इसी लापरवाही के कारण यह जानलेवा हादसा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की मांग करते हुए कुछ देर तक शव को उठाने भी नहीं दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नांगल चौधरी और निजामपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को गंभीर देखते हुए डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और खदान संचालकों से बातचीत कर जल्द से जल्द रास्ता ठीक करवाने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे प्रदर्शनकारी शांत हुए।
इसके बाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से डंपर के नीचे दबे शव को बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।


