Nangal Choudhary News: 12वीं में पूरे जिले में टॉप कर बांयल की मनीषा ने रचा इतिहास, बैजनाथ ट्रस्ट ने गोल्ड मेडल से नवाजा
12वीं में पूरे जिले में टॉप कर बांयल की मनीषा ने रचा इतिहास, बैजनाथ ट्रस्ट ने गोल्ड मेडल से नवाजा
Nangal Choudhary News: कहा जाता है कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती और अगर लगन पक्की हो तो ग्रामीण अंचल की बेटियां भी सफलता का परचम लहरा सकती हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव बांयल की होनहार छात्रा मनीषा पुत्री धर्मवीर ने। 12वीं की बोर्ड परीक्षा में पूरे महेंद्रगढ़ जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर मनीषा को नांगल चौधरी स्थित बैजनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026’ में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
5100 का चेक, गोल्ड मेडल और पढ़ाई का सामान भेंट कर बढ़ाया हौसला
ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस भव्य सम्मान समारोह में मुख्य अतिथियों और समाजसेवियों ने मनीषा की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें 5100 रुपये का चेक, चमचमाता गोल्ड मेडल, प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो प्रदान किया। इसके साथ ही छात्रा को आगे की पढ़ाई में मदद के तौर पर स्कूल बैग, कॉपियां, किताबें और पूरी स्टेशनरी सामग्री भेंट की गई। मंच पर जैसे ही मनीषा का नाम पुकारा गया, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
“खनिजों के साथ अब होनहार बेटियों से भी जाना जाएगा बांयल”
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मनीषा की लगन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समारोह को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि अब तक बांयल गांव की पहचान यहां मौजूद समृद्ध खनिज संपदा के कारण होती थी, लेकिन अब मनीषा जैसी बेटियों की बदौलत इस गांव का नाम शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में भी बड़े फख्र से लिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र की इस बेटी ने यह साबित कर दिया है कि अगर सही दिशा और दृढ़ संकल्प हो तो सीमित संसाधनों में भी शिखर पर पहुंचा जा सकता है। मनीषा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा नांगल चौधरी ब्लॉक गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
यह भी पढ़ें–Narnaul Theft News: नारनौल में बंद मकान से 2 लाख कैश और जेवर चोरी, पिता के तीये में रोहतक गया था परिवार
