Narnaul:रोटरी क्लब नारनौल सिटी व बेलाज का अधिष्ठापन समारोह, गोपाल मित्तल व डॉ. ऊषा यादव ने संभाला अध्यक्ष पद का कार्यभार
Narnaul: रोटरी क्लब नारनौल सिटी एवं रोटरी क्लब बेलाज का संयुक्त अधिष्ठापन समारोह आरम्भ गुरुवार शाम को सी.एल. फार्म्स, नारनौल में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधान संजय गर्ग एवं हितेंद्र मित्तल ने किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन सीए अजीत जालान उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन नरेश गोगिया व विजय हॉस्पिटल से डॉ. विनीत यादव तथा इंस्टालेशन चेयर रजत अग्रवाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए अजीत जालान ने दोनों क्लबों के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के साथ बैठक कर उन्हें रोटरी के समाज के प्रति दूरदर्शी संकल्पों एवं मुख्य उद्देश्यों से अवगत करवाया तथा अपनी ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इसी दौरान क्लब से जुड़े नए सदस्यों को डीजी जालान ने सदस्यता पिन लगाकर विधिवत सदस्यता ग्रहण करवाई। मुख्य समारोह में निवर्तमान प्रधान राजकुमार चौधरी ने नवनियुक्त प्रधान गोपाल मित्तल के साथ पिन एक्सचेंज कर उन्हें पदभार सौंपा, तथा बेलाज की निवर्तमान अध्यक्ष निर्मल जिंदल ने नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ऊषा यादव से पिन एक्सचेंज कर उन्हें अध्यक्ष पद की बधाई दी।
वहीं विवेक अग्रवाल को सचिव तथा विनय मित्तल को नारनौल सिटी के कोषाध्यक्ष के लिए चुना गया और बेलाज के सचिव पद के लिए गीतांजलि चौधरी एवं कोषाध्यक्ष के लिए महक शुक्ला को जिम्मेदारी सौंपी गई।
निवर्तमान प्रधान राजकुमार चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग करने वाले सभी साथियों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया, वहीं निर्मल जिंदल ने अपनी महिला कार्यकारिणी का आभार जताया।
नवनियुक्त प्रधान गोपाल मित्तल रोटरी क्लब नारनौल सिटी और डॉ. ऊषा यादव रोटरी क्लब नारनौल बेलाज ने अपने संबोधन में कहा कि वे आने वाले वर्ष में पूरी लगन और मेहनत से जनसेवा के क्षेत्र में रोटरी के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प लेते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पक्षियों के लिए पक्षी घर बनाना, पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह और क्षेत्र में रोटरी का आंखों का हॉस्पिटल स्थापित करना क्लब का प्रमुख ध्येय रहेगा, जिसे पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस कड़ी में समारोह का मुख्य आकर्षण मोबाइल किचन अन्नपूर्णा रथ का अनावरण रहा। हैदराबाद की शिव नारायण फाउंडेशन के कमल किशोर अग्रवाल की ओर से रोटरी क्लब नारनौल सिटी को यह मोबाइल किचन भेंट की गई।
फाउंडेशन की ओर से संदीप संघी ने अन्नपूर्णा रथ का अनावरण करते हुए कहा कि रोटरी क्लब द्वारा लंबे समय से रोटरी रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है और अब इस मोबाइल किचन के माध्यम से शहर के अन्य इलाकों में भी सेवा का विस्तार किया जा सकेगा।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए अजीत जालान ने कहा कि नारनौल जैसे क्षेत्र में आपके क्लब द्वारा किए जा रहे कार्य निर्विवाद रूप से सराहनीय हैं। रोटरी रसोई, डायलिसिस सेंटर, मोक्ष वाहन, वाटर हट जैसी अनेक सुविधाएं क्षेत्र के लोगों को क्लब द्वारा मुहैया करवाई जा रही हैं, इसके लिए क्लब के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर दोनों क्लबों के सभी सदस्य, उनके परिजन व शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी देखें देश भर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर, 27 सितंबर (रविवार) को खुले रहेंगे बैंक
