July 13, 2026

Ajmer Court Bomb Threat: अजमेर जिला न्यायालय को बम धमकी वाला ईमेल, पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, सुरक्षा बलों ने खंगाला चप्पा-चप्पा

0
Ajmer Court Bomb Threat: अजमेर जिला न्यायालय को बम धमकी वाला ईमेल, पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, सुरक्षा बलों ने खंगाला चप्पा-चप्पा

अजमेर जिला न्यायालय को बम धमकी वाला ईमेल

Ajmer Court Bomb Threat: राजस्थान के अजमेर जिला न्यायालय को सोमवार सुबह मिले एक धमकी भरे ईमेल ने पुलिस और न्यायिक प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। सुबह करीब 7:15 बजे सूचना मिलते ही सीओ (नॉर्थ) शिवम जोशी, सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कोर्ट परिसर को तत्काल सुरक्षा घेरे में लेकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। घटना ऐसे समय सामने आई जब कोर्ट परिसर में सामान्य गतिविधियां शुरू नहीं हुई थीं। परिसर खाली होने के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हर हिस्से की बारीकी से जांच करने में सुविधा मिली।

ईमेल में 6 जिलेटिन बम विस्फोट करने का दावा

धमकी भरे ईमेल में लिखा गया कि कोर्ट परिसर में जल्द ही 6 जिलेटिन बम विस्फोट होंगे। साथ ही ईमेल में दावा किया गया कि सभी जजों को बाहर निकाल दिया जाए और यह भी लिखा गया कि उनका उद्देश्य केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है। ईमेल में कुछ धार्मिक टिप्पणियां भी लिखी गई थीं। पुलिस ने पूरे ईमेल को जांच का हिस्सा बना लिया है और इसकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है।

कोर्ट भवन, चैंबर और पार्किंग तक की गई जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित टीमों ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली। मुख्य कोर्ट भवन, जजों के चैंबर, पार्किंग क्षेत्र, प्रवेश द्वार और बाहरी हिस्सों की एक-एक जगह की जांच की गई। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि परिसर में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई।

एक सप्ताह में दूसरी बार मिली धमकी

अजमेर शहर में पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी बम धमकी है। इससे चार दिन पहले क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के कारण सरकारी कार्यालयों और संवेदनशील परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

IP एड्रेस ट्रेस करने में जुटी साइबर सेल

सीओ (नॉर्थ) शिवम जोशी ने बताया कि जिला न्यायाधीश की ओर से पुलिस को धमकी भरे ईमेल की सूचना दी गई थी। शुरुआती जांच में यह ईमेल पहले मिले धमकी वाले मेल की तरह शरारतपूर्ण या होक्स प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इसे बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस और साइबर सेल की टीमें ईमेल के IP Address को ट्रेस करने, मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके उद्देश्य का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed