BJP Press Conference: आपातकाल के 50 साल: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- 'संविधान की हत्या' भूल नहीं सकता देशBJP Press Conference: आपातकाल के 50 साल: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- 'संविधान की हत्या' भूल नहीं सकता देश

BJP Press Conference: (संजीव चौहान) भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आज एक अहम पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें 25 जून 1975 के काले अध्याय को याद करते हुए कांग्रेस को घेरा गया। पूर्व मंत्री चौ. कंवरपाल और श्रीमती रोज़ी मलिक आनंद ने संयुक्त रूप से कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ‘आंतरिक अशांति’ का बहाना बनाकर भारत के संविधान की हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि उस रात लोकतंत्र को कुचला गया और नागरिकों के अधिकारों का हनन हुआ, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।

भाजपा नेताओं ने साफ तौर पर कहा कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल की क्रूरता और लोकतंत्र के उस संघर्ष के बारे में पता होना चाहिए। इसी उद्देश्य से भाजपा देशभर में एक व्यापक अभियान चलाएगी। इसके तहत पार्टी न केवल पत्रकार वार्ताएं आयोजित करेगी, बल्कि युवा सम्मेलनों के जरिए युवाओं को इतिहास से रूबरू कराया जाएगा। इसके अलावा, जिन परिवारों ने आपातकाल के दौरान यातनाएं झेलीं और जेल की सलाखें देखीं, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित करने का कार्यक्रम भी तैयार किया गया है।

पांच दशक बाद भी नहीं बदली कांग्रेस की नीयत

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 50 साल का लंबा अरसा बीत जाने के बावजूद कांग्रेस की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी की नीयत आज भी वैसी ही तानाशाही वाली है। पत्रकार वार्ता के दौरान मेयर श्रीमती सुमन बहमनी और चेयरमैन श्री रमेश ठसका भी उपस्थित थे। उन्होंने भी इस बात पर जोर दिया कि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए कांग्रेस की इस कथित दमनकारी मानसिकता को समझना और बेनकाब करना जरूरी है।