Chandigarh Fraud worth lakhs: विदेश भेजने के नाम पर 27 लाख से ज्यादा की ठगी, दो महिलाओं ने दर्ज कराए केस
विदेश भेजने के नाम पर 27 लाख से ज्यादा की ठगी
Chandigarh Fraud worth lakhs: विदेश भेजने और वीजा लगवाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले कथित गिरोह के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। दोनों मामलों में एक ही आरोपियों पर विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर 27.60 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। रकम लेने के बावजूद न तो वीजा दिलवाया गया और न ही पैसे लौटाए गए।
पहले मामले में हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के बसोल गांव निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि बलजिंदर सिंह, डेविड अरोड़ा और उनके अन्य साथियों ने वीजा दिलाने का झांसा देकर उससे 11,39,566 रुपये ले लिए। काफी इंतजार के बाद भी न वीजा मिला और न ही रकम वापस की गई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 61(2)(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक महिला ने आरोप लगाया कि इन्हीं आरोपियों ने विदेश भेजने का सपना दिखाकर उससे 16,21,295 रुपये ऐंठ लिए। बार-बार आश्वासन देने के बावजूद न तो वीजा की प्रक्रिया पूरी की गई और न ही रकम लौटाई गई। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
इस शिकायत पर भी सेक्टर-3 थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2)(ए) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब दोनों मामलों की संयुक्त रूप से जांच कर रही है। जांच में आरोपियों की भूमिका, पैसों के लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
