Kurukshetra Railway Line: कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे लाइन जोड़ने का काम शुरू, जींद रूट पर 10 घंटे का महाब्लॉक
कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे लाइन जोड़ने का काम शुरू
Kurukshetra Railway Line: कुरुक्षेत्र को जाम से मुक्ति दिलाने और रेल यातायात को हाईटेक बनाने की दिशा में आज एक बड़ा मील का पत्थर तय होने जा रहा है। शहर की नई एलिवेटेड रेलवे लाइन को पुरानी लाइन से आपस में कनेक्ट करने का अंतिम तकनीकी काम शुक्रवार सुबह से शुरू हो चुका है। इस बेहद जटिल और महत्वपूर्ण काम को अंजाम देने के लिए कुरुक्षेत्र-नरवाना-जींद रेलवे ट्रैक पर करीब 10 घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। रेलवे के आला इंजीनियरों की देखरेख में भारी मशीनों के साथ पटरियों को काटने और उन्हें आपस में जोड़ने का काम युद्धस्तर पर जारी है। विभाग का लक्ष्य है कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक मुख्य हिस्से का काम पूरा कर लिया जाए।
दिन में ब्लॉक लेना क्यों बना मजबूरी?
अक्सर रेलवे ऐसे बड़े ब्लॉकों के लिए रात का वक्त चुनता है ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। लेकिन इस बार कुरुक्षेत्र जंक्शन के इस रूट पर रात के समय लगातार 10 घंटे का खाली स्लॉट (विंडो) मिलना मुमकिन नहीं था। यही वजह रही कि रेलवे प्रशासन को दिन के समय यह ब्लॉक घोषित करना पड़ा। इस ब्लॉक अवधि के दौरान कुरुक्षेत्र से होकर गुजरने वाली मालगाड़ियों के पहिए थमे रहेंगे या जरूरत के मुताबिक उन्हें डायवर्ट (मार्ग परिवर्तित) किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई पैसेंजर या स्पेशल ट्रेन इस दौरान लेट होकर पहुंचती है, तो परिस्थितियों को देखते हुए उसे नजदीकी स्टेशनों पर रेगुलेट यानी कंट्रोल किया जाएगा।
“ट्रैक को जोड़ने का काम बेहद बारीकी और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। दोपहर बाद कभी भी इस नए एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेनों की धमक सुनाई दे सकती है।”
— रेलवे तकनीकी टीम, कुरुक्षेत्र
आज ही दौड़ सकती हैं ट्रेनें, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
अगर सब कुछ तय प्लानिंग के मुताबिक रहा और इंजीनियरिंग टीम ने समय पर काम समेट लिया, तो आज शाम से ही ट्रेनें सीधे एलिवेटेड ट्रैक के ऊपर से गुजरने लगेंगी। औपचारिक उद्घाटन से पहले ट्रेनों का यह संचालन एक तरह से फाइनल ट्रायल माना जाएगा। वैसे, यह पहला मौका नहीं है जब इस ट्रैक पर ट्रेन दिखेगी; इससे पहले 15 अक्टूबर 2024 को भी एक अस्थायी कनेक्शन जोड़कर इस रूट पर सफलतापूर्वक ट्रेन दौड़ाई जा चुकी है।
कुरुक्षेत्र जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने परियोजना की प्रगति की पुष्टि करते हुए बताया कि आगामी 17 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से वर्चुअल माध्यम से इस अत्याधुनिक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। आपको बता दें कि करीब 347 करोड़ रुपए की लागत वाले इस ड्रीम प्रोजेक्ट का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को सूबे के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था, जो अब बनकर पूरी तरह तैयार है।
यह भी पढ़ें–कुरुक्षेत्र में बुजुर्ग पुजारी योगीराज पर मजार के सेवादार का हमला
