July 23, 2026

Punjab Farmers Protest: लाडोवाल समेत तीन टोल प्लाजा पर पर किसानों का विरोध, टोल रहे फ्री, इंटरनेट बंद

0
Punjab Farmers Protest: लाडोवाल समेत तीन टोल प्लाजा पर पर किसानों का विरोध, टोल रहे फ्री, इंटरनेट बंद

लाडोवाल समेत तीन टोल प्लाजा पर पर किसानों का विरोध

Punjab Farmers Protest: पंजाब के लुधियाना में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर बुधवार को किसानों ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में तीन प्रमुख टोल प्लाजा को निर्धारित समय के लिए टोल फ्री कर दिया। लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान टोल प्लाजा पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक छोटे-बड़े सभी वाहनों को बिना टोल शुल्क के गुजरने दिया गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान टोल प्लाजा पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान टोल प्लाजा पर इंटरनेट सेवा बंद रखी गई। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने वाहन चालकों के मोबाइल नंबर भी दर्ज किए। उनका कहना है कि यदि बाद में किसी वाहन से फास्टैग के माध्यम से टोल शुल्क कटने का संदेश आता है, तो संबंधित मामले को उठाकर शुल्क वापस कराने या उसे रुकवाने का प्रयास किया जाएगा

FTA का कृषि पर असर होने का दावा

किसान संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते का सबसे अधिक असर कृषि क्षेत्र पर पड़ सकता है। उनका आरोप है कि यदि यह समझौता लागू होता है तो किसानों को बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा और कृषि से जुड़े कई वर्ग प्रभावित हो सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने पंजाब समेत कई राज्यों में विरोध कार्यक्रम घोषित किए हैं। किसान नेताओं का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से सरकार के समक्ष लंबित हैं, लेकिन अब तक उन पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

लंबित मांगों को लेकर सरकार पर साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसान, मजदूर और कर्मचारी वर्ग से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उनका कहना है कि कृषि से जुड़े फैसलों में किसानों की राय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसान नेताओं ने दोहराया कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता और जिन नीतियों का वे विरोध कर रहे हैं उनमें बदलाव नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

टोल प्लाजा पर सुरक्षा बढ़ाई गई

प्रदर्शन को देखते हुए लुधियाना पुलिस और जिला प्रशासन ने तीनों टोल प्लाजा पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। सुबह से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। प्रशासन की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संचालित किया गया। टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही जारी रही और निर्धारित समय तक किसी वाहन से टोल शुल्क नहीं लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed