July 31, 2026

Yamunanagar News: दोस्त को बचाने के लिए नहर में कूदा था रोहित, करनाल के इंद्री से मिला शव; दोनों के थे 2-2 बच्चे

0
Yamunanagar News: दोस्त को बचाने के लिए नहर में कूदा था रोहित, करनाल के इंद्री से मिला शव; दोनों के थे 2-2 बच्चे

दोस्त को बचाने के लिए नहर में कूदा था रोहित, करनाल के इंद्री से मिला शव

Yamunanagar News: यमुनानगर के बूड़िया स्थित पश्चिमी यमुना नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आए दो दोस्तों का अंततः दुखद अंत हो गया। कई घंटों की मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस व गोताखोरों की टीम ने दोनों युवकों के शवों को नहर से बाहर निकाल लिया है। एक युवक का शव चिट्टा मंदिर के पास से मिला, तो वहीं दूसरे दोस्त का शव बहकर काफी दूर करनाल के इंद्री क्षेत्र तक जा पहुंचा।

नहर से शव बरामद होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान गोपालनगर निवासी अमित और रोहित के रूप में हुई है। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन ली हैं, क्योंकि अमित और रोहित दोनों विवाहित थे और दोनों के दो-दो छोटे बच्चे हैं।

दोस्त को बचाने के चक्कर में बह गए दोनों

यह दर्दनाक हादसा 25 जुलाई की शाम को उस वक्त हुआ था, जब गोपालनगर के रहने वाले अमित और रोहित अपने एक तीसरे साथी के साथ बूड़िया के पास पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए थे। शाम के वक्त नहाते-नहाते अमित अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा।

अमित को पानी में छटपटाता देख किनारे मौजूद रोहित ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। हालांकि, नहर का बहाव इतना तेज था कि रोहित भी खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते दोनों दोस्त उफनती लहरों में ओझल हो गए। तीसरे दोस्त के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे।\

गोताखोरों के सर्च ऑपरेशन के बाद इंद्री और चिट्टा मंदिर से मिले शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंची। हालांकि, हादसे के दिन रात काफी अधिक हो जाने के कारण तुरंत व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू करने में दिक्कतें आईं। अगली सुबह से गोताखोरों ने नहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाया।

कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार शाम को अमित का शव चिट्टा मंदिर के समीप पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ। वहीं, रोहित का शव बहते हुए करनाल जिले के इंद्री इलाके तक पहुंच गया था, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले में नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

यह भी पढ़ें– नारनौल NH-152D पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी बेकाबू कार, तीन लोगों की मौके पर मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed