Search

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर अमेरिका के दबाव में झुकने का आरोप लगाया

Feb 24, 2026 8:23 PM

भोपाल: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका द्वारा शुल्क लगाने की धमकी के सामने मजबूती से खड़े नहीं हो पाए। यहां किसानों की महाचौपाल रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री पर देश को बेच देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश को गिरवी रखने वाला कोई भी व्यापार समझौता कांग्रेस को स्वीकार नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि समान स्तर के देशों के बीच ही सौदा होता है। मोदी को झुकने पर मजबूर किया गया… टैरिफ (शुल्क) की धमकी दी गई। उन्होंने भारत की तुलना ब्राजील से करते हुए दावा किया कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका के दबाव में नहीं झुकने और किसानों के हित में मजबूती से खड़े रहने की सलाह दी थी, जैसा कि वह (सिल्वा) स्वयं कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का रवैया हिटलर जैसा- खरगे

खरगे ने आरोप लगाया “लेकिन मोदी जी में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ बोलने की ताकत नहीं है। उन्होंने (सिल्वा) दूसरे देशों से एकजुट होकर ट्रंप का विरोध करने को कहा था, लेकिन मोदी ऐसा नहीं कर रहे हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14वीं सदी के सनकी शासक मोहम्मद बिन तुगलक की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी का रवैया हिटलर जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के राष्ट्रपति के दबाव में भारत को गुलामी की ओर धकेला जा रहा है।

खरगे ने यह आरोप भी दोहराया कि पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को अमेरिका के दबाव में रोका गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमने अंग्रेजों को देश से भगाया था। हम देशभक्त हैं और हमने माफी नामे नहीं लिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अमेरिका के दबाव में रूस और ईरान से सस्ता कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!