Search

दुष्यंत चौटाला की बड़ी चेतावनी: बंगाल चुनाव के बाद बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम, जेब पर पड़ेगा भारी बोझ

Mar 29, 2026 3:34 PM

हरियाणा। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला शनिवार देर शाम जींद के उचाना हलके के गांव करसिंधु पहुंचे। यहाँ कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए दुष्यंत ने न केवल वर्तमान सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा किया, बल्कि आने वाले दिनों के लिए एक डरावनी भविष्यवाणी भी कर दी। उन्होंने कहा कि देश में आज 'आपातकाल' जैसी स्थिति नहीं है, फिर भी सरकार की विफल रणनीतियों के कारण आमजन युद्ध जैसी मार झेल रहा है। दुष्यंत के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल पर वैट की मामूली कटौती केवल बंगाल चुनाव तक का 'छलावा' है और मतदान खत्म होते ही तेल की कीमतें आसमान छुएंगी।

"प्रजातंत्र पर हावी हुआ मनीतंत्र, बीजेपी बनी इसकी मास्टर"

राज्यसभा चुनाव के नतीजों और उसमें हुई क्रॉस वोटिंग पर बोलते हुए दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस और भाजपा के बीच 'नूरा-कुश्ती' होने का आरोप लगाया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या हुड्डा को नहीं पता था कि उनके विधायक किसके पाले में जा रहे हैं? दुष्यंत ने तंज कसते हुए कहा, "आज देश में विचारधारा की नहीं, बल्कि खरीद-फरोख्त की राजनीति चल रही है। बीजेपी अब इस मनीतंत्र की 'मास्टर' बन चुकी है और हरियाणा से लेकर बिहार-ओडिशा तक विधायकों की बोली लग रही है।" उन्होंने इनेलो को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव से दूरी बनाना उनकी भाजपा के साथ मिलीभगत को साफ दर्शाता है।

किसानों की 'पीड़ा' और नियमों का 'जाल'

फसल खरीद के मुद्दे पर पूर्व डिप्टी सीएम ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मंडियों में अभी तक बारदाना (जूट के बोरे) नहीं पहुंचा है और टेंडर प्रक्रिया अधर में लटकी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की मदद करने के बजाय उन पर नियमों का बोझ लाद रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट और मालिकाना हक के नए कागजी पचड़ों को उन्होंने खरीद प्रक्रिया को लंबा खींचने की साजिश करार दिया। दुष्यंत ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते खरीद शुरू नहीं हुई और मौसम की मार पड़ी, तो इसका खामियाजा केवल और केवल किसान को भुगतना होगा।

"नायब सैनी को पंजाब भेज सकती है बीजेपी"

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सीधा हमला बोलते हुए दुष्यंत ने कहा कि उचाना और जींद के लिए सरकार के पास कोई नई विजनरी योजना नहीं है। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना को भी बेअसर बताया। दुष्यंत ने चुटकी लेते हुए कहा, "मुख्यमंत्री आजकल हरियाणा से ज्यादा पंजाब के चक्कर लगा रहे हैं। जिस तरह से वे बार-बार वहां जा रहे हैं, मुझे तो लगता है कि जल्द ही बीजेपी उन्हें हरियाणा के बजाय पंजाब का प्रभार सौंप देगी।" उन्होंने मुख्यमंत्री की रैलियों को भी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी और मनरेगा कर्मचारियों की भीड़ जुटाकर मुख्यमंत्री पाकिस्तान में भी जनसभा कर सकते हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!