Search

'वोट दो और शादी करवाओ', बीजेपी विधायक बिमला चौधरी का कुंवारों से अनोखा वादा

May 07, 2026 5:07 PM

रेवाड़ी। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव का रण पूरी तरह सज चुका है। आरोप-प्रत्यारोप और वादों की झड़ी के बीच भाजपा प्रत्याशी विनीता पिप्पल के समर्थन में गोल चक्कर पर एक जनसभा आयोजित की गई थी। मंच पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मुख्य अतिथि के तौर पर बैठी थीं। चुनावी भाषणों में अक्सर सड़क, बिजली और पानी की बात होती है, लेकिन जब पटौदी विधायक बिमला चौधरी ने माइक थामा, तो उन्होंने सीधे युवाओं की दुखती रग पर हाथ रख दिया।

"अब कोई कुंवारा नहीं रहेगा"

बिमला चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए भावुक और मजाकिया लहजे में कहा, "मेरी माताओं-बहनों, आप विनीता को जिताकर भेजो। विकास की जिम्मेदारी तो हमारी है ही, लेकिन आज मैं इस मंच से एक और गारंटी देती हूं। जिन युवाओं की शादियां नहीं हो रही हैं या जो कुंवारे बैठे हैं, उनकी शादी कराने का जिम्मा भी मेरा है। आप बस आशीर्वाद दीजिए, फिर देखिए।" विधायक के इस बयान के बाद भीड़ में मौजूद युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं और पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।

मैरिज ब्यूरो या सियासत? मंत्री ने ली चुटकी

विधायक के इस 'मैरिज ब्यूरो' वाले वादे पर पास बैठी स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए चुटकी ली और कहा, "आज तो बिमला जी ने गजब ही कर दिया! विकास की बात तो ठीक थी, लेकिन अब तो लगता है इन्होंने रेवाड़ी में मैरिज ब्यूरो ही खोल दिया है।" हालांकि, आरती राव ने यह भी कहा कि बिमला जी अपना वादा पूरा भी करेंगी।

पत्रकारों के सामने भी अडिग रहीं विधायक

जनसभा के बाद जब पत्रकारों ने इस अनोखे वादे पर सवाल पूछा, तो बिमला चौधरी ने बड़े आत्मविश्वास के साथ कहा कि अगर हमारा चेयरमैन बनता है, तो वह निजी तौर पर भी युवाओं की शादियां करवाने में मदद करेंगी। उन्होंने हंसते हुए नारा दिया— "पहले वोट करो और फिर शादी करवाओ।"

चुनाव का गणित

गौरतलब है कि हरियाणा में इस बार निकाय चुनाव काफी दिलचस्प मोड़ पर हैं। पंचकूला, सोनीपत और अंबाला के साथ-साथ रेवाड़ी में भी 10 मई को वोट डाले जाएंगे। जहां विपक्षी दल बेरोजगारी और महंगाई को मुद्दा बना रहे हैं, वहीं भाजपा विधायक के इस 'शादी कार्ड' ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। अब देखना यह है कि 13 मई को जब नतीजे आएंगे, तो कितने कुंवारों की उम्मीदों पर 'कमल' खिलता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!