Search

वाम दलों और कांग्रेस का ‘अपवित्र गठबंधन’ केरल में विकास का विरोधी : केंद्रीय मंत्री वैष्णव

Mar 13, 2026 8:41 PM

नयी दिल्ली: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को वाम दलों और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि ये दल केरल के विकास कार्यों को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं और राज्य की प्रगति को बाधित कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य में रेल नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए बजट आवंटन आठ गुना बढ़ाया है।

राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान माकपा सदस्य जॉन ब्रिटास के पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे वैष्णव ने आरोप लगाया कि केरल में वाम दलों और कांग्रेस के अपवित्र गठबंधन का किसी भी परियोजना को पूरा करने का इरादा नहीं है। केरल में विधानसभा चुनाव होने हैं।

रेल मंत्री ने दोनों दलों के गठबंधन को सीसीपी — कम्युनिस्ट कांग्रेस पार्टी करार देते हुए कहा कि असल मुद्दा यह है कि कांग्रेस और वाम दलों के बीच एक दिलचस्प गठबंधन है। मैं इसे सीसीपी यानी कम्युनिस्ट कांग्रेस पार्टी कहता हूं और उनका एकमात्र लक्ष्य केरल में चल रही हर परियोजना को रोकना है।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि इन दलों का किसी भी परियोजना को पूरा करने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के लिए 1,900 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं, लेकिन भूमि अधिग्रहण की स्थिति स्पष्ट नहीं है। सबरी रेल लाइन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लंबे प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने हाल में भूमि अधिग्रहण शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि क्या यह केरल के लोगों की सेवा करने का तरीका है? वैष्णव ने कहा कि केरल में समय-समय पर कांग्रेस और वाम दलों की सरकारें रही हैं और इसी कारण वह इस गठबंधन को सीसीपी कहते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा द्वारा स्वीकृत परियोजना को अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं।

जब वैष्ण्व ने यह टिप्पणी की, तब सदन में देवेगौड़ा मौजूद थे। रेल मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और वाम दलों के इस अपवित्र गठबंधन का केरल में विकास कार्य करने का बिल्कुल इरादा नहीं है। इसलिए परियोजनाओं के पूरा होने में इतने साल लग रहे हैं।”

एक सवाल के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि हाल के वर्षों में बजट आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 2009-14 के दौरान केरल में अवसंरचना परियोजनाओं और सुरक्षा कार्यों के लिए औसतन 372 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष आवंटित किए जाते थे, जबकि 2025-26 में यह बढ़कर 3,042 करोड़ रुपये (आठ गुना से अधिक) हो गया है।

पूरक प्रश्न पूछते हुए ब्रिटास ने कहा कि रेल मंत्री की एक अच्छी बात यह है कि वह प्रदर्शन और मार्केटिंग में विशेषज्ञ हैं। इस पर वैष्णव ने इसे अपमानजनक टिप्पणी बताया। उन्होंने कहा कि जॉन ब्रिटास एक बहुत विद्वान पत्रकार हैं और उन्हें झूठी कहानी गढ़ना आता है। इसलिए उनकी विशेषज्ञता झूठा विमर्श बनाने में है और वह यही कर रहे हैं।

केरल में नेमम रेल परियोजना से जुड़े एक अलग सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि इस परियोजना में अच्छी प्रगति हो रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!