Search

पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित

Feb 13, 2026 6:39 AM

नई दिल्ली:  शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गई। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी की, जिसके कारण सदन की बैठक शुरू होने के महज पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।



श्रद्धांजलि के बाद शुरू हुआ हंगामा

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पीठासीन सभापति संध्या राय ने पूर्व सांसद डॉ. भगवान दास राठौड़ के निधन की सूचना दी। सदस्यों ने कुछ क्षण मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के सदस्य अपनी सीटों से उठकर नारेबाजी करने लगे।



आसन के समीप पहुंचे विपक्षी सदस्य

विपक्षी सदस्य केंद्रीय मंत्री पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए आसन के समीप पहुंच गए। इस दौरान सदन में शोर-शराबा बढ़ गया। कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने हंगामे के बीच अपना पूरक प्रश्न पूछा, जिसका जवाब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शोरगुल के बीच ही दिया। पीठासीन सभापति संध्या राय ने हंगामा कर रहे सदस्यों से बार-बार अपने स्थान पर लौटने और कार्यवाही को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की, लेकिन जब शोर-शराबा नहीं थमा तो उन्होंने बैठक को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया।



राहुल गांधी के आरोपों के बाद बढ़ा विवाद

यह विवाद उस समय और गहरा गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री पुरी को लेकर आरोप लगाए। इन आरोपों के बाद हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को सफाई देते हुए कहा था कि उनकी मुलाकात अमेरिकी वित्त कारोबारी जेफ्री एप्स्टीन से “कुछ मौकों पर” हुई थी, लेकिन उन मुलाकातों या बातचीत का एप्स्टीन से जुड़े आपराधिक मामलों से कोई संबंध नहीं था। मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार दबाव बना रहा है, जबकि सरकार की ओर से आरोपों को निराधार बताया जा रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!