Search

आबकारी मामले में सीबीआई की अपील पर सिसोदिया बोले : मोदी भगवान नहीं

Mar 09, 2026 7:35 PM

कटरा/जम्मू: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मामले लगातार बढ़ा रही है, जबकि अदालतों ने उनके (विपक्षी नेताओं के) पक्ष में फैसले दिए हैं।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने आबकारी मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और अन्य 21 लोगों को आरोपमुक्त किये जाने के निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर सोमवार को इन लोगों से जवाब तलब किया।

सिसोदिया ने रियासी जिले के त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णोदेवी मंदिर में मत्था टेकने के बाद यहां पत्रकारों से कहा कि जिस दिन से यह मामला शुरू हुआ, सभी को पता था कि यह मनगढ़ंत (मामला) है। कानूनी लड़ाई में समय लगता है, लेकिन जिस तरह से हम बेदाग साबित हुए हैं, उससे भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार और प्रधानमंत्री की पोल खुल गई है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि अदालत से उन लोगों (केजरीवाल, सिसोदिया एवं अन्य) को बेदाग साबित किये जाने के बावजूद मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने बेशर्म कृत्यों से परहेज नहीं किया है।

आम आदमी पार्टी (आप) नेता ने कहा कि यह दुखद है कि भाजपा और मोदी खुद की कलई खुलने के बावजूद ऐसे काम जारी रखते हैं। उन्हें शर्मिंदा होना चाहिए। जिन पर निशाना साधा गया है, उन्हें सत्य का आशीर्वाद मिला है और अब उन्हें और परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

सिसोदिया ने कहा कि सीबीआई मामले में निचली अदालत के आदेश में न्यायाधीश ने सवाल उठाया है कि क्या यह मामला आगे बढ़ाने लायक भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई मामले में राहत मिलने के बाद भी प्रवर्तन निदेशाालय (ईडी) द्वारा समानांतर मामले की कार्रवाई बिना किसी ठोस वजह के जारी रखने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा कि भगवान देख रहे हैं कि कौन सही रास्ते पर है और कौन गलत रास्ते पर। मोदी भगवान नहीं हैं। सिसोदिया ने जोर देकर कहा कि अदालत का वह फैसला, जिसमें मामले को निराधार घोषित किया गया है, उनके सत्य और न्याय में विश्वास को फिर से मजबूत करता है।

मामले से जुड़ी अपनी गिरफ्तारी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कठिनाइयों और राहत दोनों को विश्वास के साथ स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मुझे बदनाम किया गया, मुझे जेल भेजा गया, और मेरे परिवार एवं पार्टी का उत्पीड़न हुआ। अब अदालत ने कहा कि पूरा मामला चलाने लायक भी नहीं है।

हाल ही में होली के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं के बाद दिल्ली में कानून और व्यवस्था की स्थिति के बारे में सिसोदिया ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रशासन पीड़ितों का समर्थन करने में विफल रहा। उन्होंने बताया कि जब आप सरकार सत्ता में थी, उसके मंत्री पीड़ितों के परिवारों से मिलते और उन्हें सहायता प्रदान करते थे।

जम्मू-कश्मीर के विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए सिसोदिया ने भाजपा पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मलिक की क्या गलती है? वह जनता के लिए आवाज उठा रहे थे, स्कूल और अस्पताल की मांग कर रहे थे, फिर भी वह इतने दिनों तक जेल में हैं।

मालिक आप की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष हैं। उन्हें आठ सितंबर 2025 को सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया था। उन पर कथित तौर पर सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने का आरोप था। उन्हें कठुआ जेल में रखा गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!