Search

सामरिक स्वायत्तता खतरे में, भारत सरकार को ब्लैकमेल कर रहा है अमेरिका: कांग्रेस

Mar 06, 2026 8:39 PM

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने अमेरिकी वित्त विभाग की भारतीय रिफाइनरियों को रूस से फौरी तौर पर तेल खरीदने की अस्थायी छूट दिए जाने की घोषणा को लेकर शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारत की सामरिक स्वायत्तता और संप्रभुता खतरे हैं तथा अमेरिका भारत सरकार को ब्लैकमेल कर रहा है।

ईरान के साथ बढ़ते संघर्ष के बीच अमेरिका ने कहा कि वह भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए अस्थायी रूप से 30 दिनों की छूट दे रहा है।

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऊर्जा एजेंडे के कारण तेल और गैस का उत्पादन अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया है। वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति जारी रखने के लिए वित्त मंत्रालय भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए अस्थायी रूप से 30 दिन की छूट दे रहा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि भारत की विदेश नीति हमारे लोगों की सामूहिक इच्छा से आकार लेती है। इसकी जड़ें हमारे इतिहास, हमारे भूगोल और सत्य और अहिंसा पर आधारित हमारे आध्यात्मिक लोकाचार में होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हम जो देख रहे हैं वह नीति नहीं है। यह एक समझौतावादी व्यक्ति के शोषण का परिणाम है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भारत की सामरिक स्वायत्तता और राष्ट्रीय संप्रभुता गंभीर खतरे में है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी को ‘एप्स्टीन फाइल’ और अदाणी मामले पर ब्लैकमेल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापार से लेकर तेल तक, डेटा से लेकर मित्र देशों के साथ भारत के दीर्घकालिक संबंधों तक, मोदी जी ने सब कुछ समर्पण कर दिया। भारत का यह गौरवशाली इतिहास रहा है कि उसने अपनी तकदीर का फैसला खुद किया। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी तक, मोदी जी को छोड़कर किसी भी प्रधानमंत्री ने किसी भी देश के दबाव में आकर भारत को वस्तुत: एक जागीरदार राज्य नहीं बनाया। खरगे ने आरोप लगाया कि ‘मैं देश नहीं झुकने दूंगा’ सिर्फ चुनाव जीतने का एक नारा भर था।


You may also like:

Please Login to comment in the post!