Rajasthan News: जालोर में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
Jun 11, 2026 1:49 PMराजस्थान के जालोर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में जालोर से बागरा जाने वाले मार्ग पर आशापूर्णा लॉ कॉलेज के पास एक बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जालोर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और गुरुवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कोतवाली थानाधिकारी देवेन्द्र कछवाह के अनुसार हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। बागरा की ओर से जालोर आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।
दोनों युवकों की अस्पताल में मौत
हादसे के बाद घायलों को जालोर के राजकीय अस्पताल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रकाश बिश्नोई ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी है।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आहोर थाना क्षेत्र के सनवाड़ा गांव निवासी 21 वर्षीय मनीष पुत्र रूपाराम मेघवाल और उम्मेदपुर निवासी 25 वर्षीय ललित पुत्र कुयाराम मेघवाल के रूप में हुई है। दोनों युवक एक साथ बाइक पर सवार होकर जालोर की ओर आ रहे थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुंबई से तीन दिन पहले घर आया था ललित
जानकारी के अनुसार उम्मेदपुर निवासी ललित मुंबई में कपड़ों की दुकान पर नौकरी करता था। वह करीब तीन दिन पहले ही अपने घर जालोर आया था। परिजनों के मुताबिक ललित अपने दोस्त मनीष के साथ घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया, जिसमें दोनों दोस्तों की जान चली गई।
कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रैक्टर-ट्रॉली और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाइक का संतुलन कैसे बिगड़ा। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।