Search

NEET-UG 2026 Exam: नीट एग्जाम के लिए राजस्थान में स्पेशल ट्रेनें, 27 जिलों में 611 केंद्रों पर होगी परीक्षा, जयपुर में सबसे ज्यादा 106 परीक्षा केंद्र

May 02, 2026 5:27 PM

जयपुर: राजस्थान में 3 मई को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर रेलवे और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने जयपुर-अलवर और चूरू-जयपुर रूट पर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इससे परीक्षा देने आने वाले छात्रों और उनके परिजनों को यात्रा में राहत मिलने की उम्मीद है। जयपुर मंडल की सीनियर डीसीएम पूजा मित्तल के अनुसार, ट्रेन नंबर 09717 चूरू-जयपुर स्पेशल 3 मई को सुबह 6:10 बजे चूरू जंक्शन से रवाना होकर सीकर होते हुए सुबह 11 बजे जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी स्टेशनों पर रुकेगी।

जयपुर-अलवर रूट पर शाम की ट्रेन

दूसरी ट्रेन नंबर 09719 जयपुर-अलवर स्पेशल शाम 7:10 बजे जयपुर जंक्शन से रवाना होकर रात 10:55 बजे अलवर पहुंचेगी। यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। दोनों ट्रेनों में 10 साधारण और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12-12 कोच लगाए जाएंगे। राज्य के 27 जिलों में कुल 611 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 2.09 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें सबसे ज्यादा 106 केंद्र जयपुर में बनाए गए हैं। इसके अलावा सीकर और कोटा भी प्रमुख परीक्षा केंद्र के रूप में उभरे हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था

परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अभ्यर्थियों की एंट्री सख्त जांच के बाद ही होगी और मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड और जरूरी निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। धार्मिक मान्यताओं से जुड़े वस्त्रों की अनुमति रहेगी, जबकि फुटवियर में चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनने को प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। ट्रैफिक प्लान और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!