Rajasthan News: भारतमाला एक्सप्रेस वे पर दो पिकअप की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, केबिन में फंसे शवों को क्रेन से निकाला गया
May 22, 2026 2:40 PMजोधपुर: राजस्थान के जोधपुर जिले में अमृतसर-जामनगर भारतमाला एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बालेसर थाना क्षेत्र के आगोलाई इलाके के पास दो पिकअप वाहनों की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब हिसार से सांचौर जा रही दोनों गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाली पिकअप का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार दोनों युवक अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
हिसार से सांचौर जा रही थीं दोनों पिकअप
बालेसर थाना प्रभारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि दोनों पिकअप हरियाणा के हिसार से राजस्थान के सांचौर की तरफ जा रही थीं। एक पिकअप में खेती के उपकरण भरे हुए थे, जबकि दूसरी गाड़ी में लॉकर रखे हुए थे। खुड़ियाला गांव के आगे चलते समय पीछे आ रही कृषि यंत्रों से भरी पिकअप अचानक आगे चल रही गाड़ी से टकरा गई। तेज रफ्तार और भारी सामान के कारण टक्कर काफी जोरदार हुई।
केबिन में बुरी तरह फंस गए शव, क्रेन से निकाले
हादसे में पीछे वाली पिकअप में सवार हरियाणा के कालावाली निवासी रणजीत सिंह और रेशम की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दोनों शव अंदर ही फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने राहत कार्य शुरू करने में मदद की।
घटना की सूचना मिलने के बाद बालेसर थाना पुलिस और नेशनल हाईवे एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के ईएमटी गणेश पालीवाल और पायलट रणवीर सिंह ने हालात का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त केबिन को हटाया और दोनों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बालेसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हादसे की सूचना पर आगोलाई पुलिस चौकी इंचार्ज मांगीलाल विश्नोई भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर एक्सप्रेस वे पर यातायात सामान्य करवाया। अमृतसर-जामनगर भारतमाला एक्सप्रेस वे पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। प्रारंभिक जांच में पुलिस टक्कर की वजह तेज रफ्तार और दूरी का सही अनुमान नहीं लगा पाना मान रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर सावधानी बरतने की अपील की है।