Rajasthan Weather Update: जयपुर में तेज आंधी-बारिश से हालात बदले, कई जगह पेड़ गिरे, गाड़ियां क्षतिग्रस्त, 16 जिलों में अलर्ट जारी
May 02, 2026 3:39 PMजयपुर: राजस्थान में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली, जब जयपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। राजधानी जयपुर में सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे कई इलाकों में पेड़ गिर गए और कुछ गाड़ियां इनके नीचे दब गईं। मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं अचानक हुए नुकसान ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।
जयपुर में तेज अंधड़ के कारण कई इलाकों में दिन के समय ही अंधेरा छा गया। घने बादलों और तेज हवाओं के चलते विजिबिलिटी कम हो गई और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। हालांकि बारिश ने तापमान में गिरावट लाकर लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है।
सीकर-दौसा समेत कई जिलों में बदला मौसम
राज्य के अन्य हिस्सों जैसे सीकर के फतेहपुर और दौसा में भी तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा टोंक में रुक-रुक कर बरसात का दौर जारी रहा। इन इलाकों में बारिश के कारण लू और गर्मी का असर कम हुआ है। मौसम केंद्र जयपुर ने राज्य के 16 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मई के पहले 15 दिनों में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। सामान्य से अधिक दिनों तक आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि बारिश के बाद तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आई है, लेकिन बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बीकानेर में भी तापमान 44.2 डिग्री तक पहुंचा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है।