Search

राज्यसभा की 24 सीट के लिए 18 जून को चुनाव कराएगा निर्वाचन आयोग

May 22, 2026 12:08 PM

नई दिल्ली: निर्वाचन आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा और कांग्रेस नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे एवं दिग्विजय सिंह समेत राज्यसभा के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल आगामी दो महीने में समाप्त होने के मद्देनजर उच्च सदन की 24 सीट के लिए 18 जून को चुनाव कराने की शुक्रवार को घोषणा की। निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि राज्यसभा की सीटों के लिए चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।

राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश एवं मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख आठ जून है। राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में देवेगौड़ा, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे (दोनों कर्नाटक से), केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह (राजस्थान) और जॉर्ज कुरियन, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल सहित अन्य शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु से राज्यसभा की एक-एक सीट के लिए उपचुनाव की भी घोषणा की। महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की यह सीट खाली हुई है। सुनेत्रा पवार अब राज्य विधानसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!