Search

देहरादून में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का विरोध, मंच से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप

Apr 12, 2026 11:09 AM

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित डीएवी कॉलेज में शनिवार का दिन हंगामे की भेंट चढ़ गया। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित चेहरे मासूम शर्मा यहां एक लाइव शो के लिए आमंत्रित थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन परफॉर्मेंस के बीच गायक ने अचानक कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जिसे सुनकर वहां मौजूद छात्र और आयोजक सन्न रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जोश-जोश में मासूम शर्मा अपनी मर्यादा भूल गए और माइक पर कथित तौर पर गाली का प्रयोग कर दिया। इसके बाद पंडाल में मौजूद दर्शकों के बीच अचानक सुगबुगाहट शुरू हो गई और कार्यक्रम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।

'स्टारडम' की आड़ में अभद्रता? छात्रों ने बीच में रुकवाया शो

जैसे ही मासूम शर्मा के मुख से आपत्तिजनक शब्द निकले, कॉलेज के जागरूक छात्रों ने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया। छात्रों का तर्क था कि एक शैक्षणिक संस्थान के भीतर आयोजित सांस्कृतिक मंच पर इस तरह की ओछी भाषा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विरोध इतना बढ़ा कि कार्यक्रम में खलल पड़ गया और सुरक्षाकर्मियों को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई छात्रों ने आयोजन समिति को भी आड़े हाथों लिया और सवाल उठाया कि आखिर कलाकारों को मंच देने से पहले उनके आचरण को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश क्यों नहीं दिए जाते।

विवादों से पुराना नाता: पहले भी उठ चुके हैं सवाल

मासूण शर्मा के लिए विवाद कोई नई बात नहीं हैं। अपनी गायकी से युवाओं के बीच पैठ बनाने वाले इस कलाकार पर पहले भी मंच से अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप लग चुके हैं। आलोचकों का कहना है कि हरियाणवी गानों में 'रफ-एंड-टफ' दिखने की होड़ में कलाकार अक्सर शालीनता की लक्ष्मण रेखा लांघ जाते हैं। देहरादून की इस घटना ने एक बार फिर बहस छेड़ दी है कि क्या लोकप्रियता किसी भी कलाकार को सार्वजनिक मर्यादा तोड़ने का लाइसेंस दे देती है? फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर कॉलेज प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन कैंपस में तनाव का माहौल बना हुआ है।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें, कार्रवाई की मांग तेज

इधर, शनिवार रात से ही इस घटना के छोटे-छोटे क्लिप सोशल मीडिया पर तैर रहे हैं। इंटरनेट यूजर्स मासूम शर्मा को जमकर ट्रोल कर रहे हैं और उनके इस व्यवहार को गैर-जिम्मेदाराना बता रहे हैं। उत्तराखंड और हरियाणा दोनों राज्यों के यूजर्स इस मामले में गायक से माफी की मांग कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक मासूम शर्मा या उनकी टीम की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई सफाई या आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। देखना होगा कि क्या कॉलेज प्रशासन इस मामले में कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई या गायक को ब्लैकलिस्ट करने जैसा कदम उठाता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!