बंगाल की किसान हितैषी पहल से 1.4 करोड़ लोगों को लाभ हुआ : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
Mar 14, 2026 9:34 PM
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि राज्य की किसान हितैषी पहल से 1.4 करोड़ लोगों को लाभ हुआ है।
कृषक दिवस के अवसर पर बनर्जी ने एक्स पर एक पोस्ट करके 2007 में इसी दिन नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में मारे गए 14 लोगों को श्रद्धांजलि दी और किसानों के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
बनर्जी के अनुसार, राज्य ने अब तक कृषक बंधु (नयी) योजना के तहत 30,051 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है, जिससे 1.4 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतिवर्ष 10,000 रुपये मिलते हैं, जबकि बहुत कम भूमि वाले किसानों को न्यूनतम 4,000 रुपये मिलते हैं। यह राशि खरीफ और रबी के मौसम में दो किस्तों में सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।
बनर्जी ने कहा कि किसानों और बटाईदारों के अलावा, खेतिहर मजदूरों को भी दो किस्तों में सालाना 4,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।