Search

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा भड़की, सुरक्षाबलों पर फायरिंग, तृणमूल ऑफिस में तोड़-फोड़, 24 घंटे में 4 हत्याएं

May 06, 2026 1:00 PM

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली के बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला किया गया। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं।

संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर हमला

संदेशखाली के बामनघेरी क्षेत्र में देर रात गश्त के दौरान अचानक उपद्रवियों ने पुलिस और केंद्रीय बलों को निशाना बनाया। हमलावरों ने गोलीबारी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल सुरक्षाकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू कर दी है।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जिलों में चार लोगों की हत्या ने राजनीतिक माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है। भाजपा ने उत्तर 24 परगना के न्यू टाउन और हावड़ा के उदय नारायणपुर में अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप टीएमसी पर लगाया है। वहीं टीएमसी ने भी कोलकाता के बेलेघाटा और बीरभूम के नानूर में अपने दो सदस्यों की हत्या का आरोप विपक्ष पर लगाया है।

कोलकाता में TMC कार्यालय पर हमला

कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भीड़ ने टीएमसी के पार्टी कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर उसे गिरा दिया। इस दौरान आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। टीएमसी ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए भाजपा पर हमला बोला और इसे राजनीतिक हिंसा का उदाहरण बताया।

हिंसा की घटनाओं के बाद भाजपा और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों दल एक-दूसरे पर अपने कार्यकर्ताओं की हत्या और हिंसा फैलाने के आरोप लगा रहे हैं। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

तमिलनाडु की राजनीति में नया समीकरण

इसी बीच तमिलनाडु में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने TVK प्रमुख विजय को समर्थन देने का फैसला किया है। 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीती हैं, लेकिन बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। विजय के दो सीटों पर जीतने के कारण एक सीट छोड़ने पर पार्टी के पास 107 सीटें रह जाएंगी। ऐसे में सरकार बनाने के लिए अतिरिक्त विधायकों का समर्थन जरूरी हो गया है।

TVK को बहुमत के लिए 11 और विधायकों की जरूरत है। कांग्रेस के पास 5 सीटें हैं, जबकि PMK के 4 और CPI तथा CPI(M) के 2-2 विधायक हैं। राजनीतिक जोड़-तोड़ के बीच TVK ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित एक रिसॉर्ट में ठहराया है, ताकि किसी तरह की टूट-फूट से बचा जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!