Search

Dog Fires Shotgun: पालतू कुत्ते ने पैर से दबाया शॉटगन का ट्रिगर, गोली लगने से महिला घायल

May 27, 2026 11:25 AM

हथियारों की संस्कृति और उससे होने वाले हादसों को लेकर अमेरिका अक्सर चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार नेब्रास्का के स्कॉट्सब्लफ इलाके में जो कुछ हुआ, उसने पुलिस और आम जनता दोनों के होश उड़ा दिए हैं। शनिवार को एक गैस स्टेशन पर उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक पिकअप ट्रक के भीतर से अचानक गोलियां चलने लगीं। हैरान करने वाली बात यह थी कि उस वक्त गाड़ी का मालिक वहां मौजूद नहीं था और ड्राइविंग सीट के पीछे केवल उसका पालतू कुत्ता था। कुत्ते की एक हरकत ने पल भर में गैस स्टेशन को क्राइम सीन में तब्दील कर दिया।

उछल-कूद के चक्कर में दबा शॉटगन का ट्रिगर

न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिकअप ट्रक का मालिक अपनी गाड़ी को गैस स्टेशन पर खड़ा करके पास के स्टोर से कुछ सामान खरीदने गया था। उसने गाड़ी में अपने पालतू कुत्ते और एक अन्य सहयात्री को छोड़ दिया था। मालिक के जाते ही पिछली सीट पर बैठा कुत्ता अचानक छटपटाने और उछल-कूद करने लगा। इसी आपाधापी में उसका पैर सीट पर ही रखी एक लोडेड शॉटगन पर पड़ गया। पैर का दबाव पड़ते ही बंदूक का ट्रिगर दब गया और उससे दनादन राउंड फायर हो गए।

सिग्नल पर खड़ी महिला बनी शिकार, अस्पताल में भर्ती

शॉटगन से निकली गोलियां गाड़ी के मजबूत दरवाजे को चीरती हुई सीधे बाहर की तरफ सनसनाती हुई निकल गईं। ठीक उसी वक्त पास के चौराहे पर रेड लाइट होने की वजह से एक महिला अपनी कार में हरी बत्ती होने का इंतजार कर रही थी। ट्रक से निकली गोली सीधे महिला की गाड़ी का शीशा तोड़ते हुए उसके हाथ में जा धंसी। चश्मदीदों के मुताबिक, नजारा ऐसा था कि यकीन करना मुश्किल था क्योंकि बाहर से सिर्फ इतना दिख रहा था कि गाड़ी के अंदर बैठा कुत्ता गोलियां चला रहा है। घायल महिला को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मजाक समझ रही थी पुलिस, अब मालिक पर दर्ज होगा केस

शुरुआत में जब स्थानीय पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, तो अधिकारियों को लगा कि शायद किसी ने डराने के लिए नकली बंदूक या खिलौने का इस्तेमाल किया है और यह महज एक अफवाह है। लेकिन जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो नजारा देखकर उनके भी पैर तले जमीन खिसक गई। गाड़ी के भीतर बारूद का धुआं भरा हुआ था और कुत्ता वहीं डरा सहमा बैठा था। अब इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कुत्ते के मालिक की मुसीबतें बढ़ने वाली हैं। नेब्रास्का के कड़े नियमों के मुताबिक, किसी भी सार्वजनिक स्थान पर गाड़ी के भीतर लोडेड हथियार छोड़ना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!