Search

Haryana News: यमुनानगर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, एक PGI चंडीगढ़ में भर्ती, आरोपी फरार

Apr 21, 2026 11:56 AM

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े दो युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सड़क किनारे खड़े थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार, प्रतापनगर के पास मुख्य सड़क से गांव बहादुरपुर की ओर मुड़ते समय यह हादसा हुआ। गांव बहादुरपुर निवासी सतीश कुमार, जो भारती विद्या मंदिर स्कूल प्रतापनगर में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे तरुण और गौरव को खड़ा देखा और उनसे बातचीत करने के लिए रुक गए।

फसल कटाई का करते थे काम

दोनों युवक खेती से जुड़े काम करते थे और गेहूं की फसल काटने का कार्य करते थे। सतीश कुमार उनसे अपनी फसल कटवाने की बात करने के लिए बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हिमाचल नंबर की कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आई और सीधे दोनों युवकों को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दूर जा गिरे दोनों

कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। तरुण सड़क पर गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बेहद खराब हो गई, जबकि गौरव कच्चे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक कुछ दूरी पर रुका, लेकिन तुरंत ही मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में तरुण को मृत घोषित किया गया

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल प्रतापनगर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तरुण को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल यमुनानगर भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान तरुण पुत्र किर्तन पाल निवासी बहादुरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रोहताश सिंह ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!