Search

यमुनानगर में 'गड्ढा पॉलिटिक्स': आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे लेकर किया अनोखा प्रदर्शन, प्रशासन को घेरा

May 12, 2026 5:37 PM

यमुनानगर।  यमुनानगर का सेक्टर-17 जिला की पॉश कॉलोनियों में गिना जाता है, लेकिन यहाँ की सड़कों की हालत किसी बदहाल गांव से कम नहीं है। इसी को मुद्दा बनाते हुए आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को सरकार की घेराबंदी की। प्रदर्शन का अंदाज थोड़ा हटकर था—कार्यकर्ता भाजपा के झंडे लेकर निकले और उन्हें सड़क के उन जानलेवा गड्ढों में रोप दिया, जिन्हें भरने की जहमत प्रशासन नहीं उठा रहा है। यह प्रदर्शन स्वामी विवेकानंद स्कूल से शुरू होकर भाजपा कार्यालय तक करीब 250 मीटर के दायरे में किया गया।

अधिकारियों की नाक के नीचे बदहाली का मंजर

हैरानी की बात यह है कि जिस सड़क को लेकर यह बवाल मचा है, वहीं से रोजाना शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग और पुलिस के आला अधिकारियों की गाड़ियां गुजरती हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इसी रास्ते पर भाजपा का अपना कार्यालय भी है, लेकिन सत्ता के गलियारों में बैठे नेताओं को जनता की तकलीफें नजर नहीं आ रही हैं। सड़क पर एक-दो नहीं बल्कि 100 से ज्यादा छोटे-बड़े गड्ढे हैं, जो बारिश के दिनों में किसी गहरी खाई से कम नहीं लगते।

"केवल कागजों पर है विकास"—चिराग सिंघल

'आप' नेता चिराग सिंघल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा केवल बड़े-बड़े होर्डिंग्स पर विकास के दावे करती है। उन्होंने कहा, "स्कूल के ठीक बाहर इतने बड़े गड्ढे हैं कि छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों का वहां से निकलना दूभर हो गया है। अधिकारी और सत्ताधारी नेता रोजाना इसी धूल और कीचड़ के बीच से गुजरते हैं, मगर उनकी संवेदनशीलता मर चुकी है।"

आंदोलन की चेतावनी और पुलिस का पहरा

जिलाध्यक्ष राहुल भान ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर आने वाले दिनों में इन गड्ढों की सुध नहीं ली गई और सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।


You may also like:

Please Login to comment in the post!