यमुनानगर में यूपी का शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार, स्प्लेंडर बाइक से टापू माजरा लाया था 13 लाख की हेरोइन
Jun 03, 2026 9:58 AM
यमुनानगर। हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने टापू माजरा इलाके में नशे की एक बड़ी खेप पहुंचने से पहले ही उत्तर प्रदेश के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी रजत गुलिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार की टीम को एक पुख्ता इनपुट मिला था। सूचना थी कि काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार एक युवक उत्तर प्रदेश की तरफ से घोड़ों पीपली के सरकारी स्कूल वाले रास्ते से होते हुए टापू माजरी की तरफ हेरोइन की डिलीवरी देने आ रहा है।
सरकारी स्कूल के सामने बिछाया जाल
गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत एक्शन में आ गया। उप निरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम तैयार की गई। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घोड़ों पीपली पुलिस चौकी से बैरिकेड्स मंगाए और सरकारी स्कूल के मेन गेट के ठीक सामने मजबूत नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में उत्तर प्रदेश की सीमा की तरफ से एक संदिग्ध बाइक सवार आता हुआ दिखाई दिया। जैसे ही उसकी नजर सामने मुस्तैद खड़ी पुलिस टीम पर पड़ी, उसके हाथ-पांव फूल गए। उसने तुरंत बाइक को मोड़कर वापस भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से ही मुस्तैद पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 13 लाख की हेरोइन बरामद
थाने लाकर जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। उसके पास से 260 ग्राम शुद्ध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। नशीले पदार्थ की इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में आरोपी की पहचान युनुस पुत्र इमरान, निवासी गांव नगला, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के तौर पर हुई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि युनुस कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि नशे के धंधे का पुराना खिलाड़ी है। उस पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इन दिनों तीनों मामलों में कोर्ट से जमानत पर बाहर चल रहा था।
रिमांड के दौरान खुलेंगे बड़े मगरमच्छों के राज
डीएसपी रजत गुलिया के मुताबिक, आरोपी युनुस के खिलाफ यमुनानगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब रिमांड अवधि के दौरान तस्कर से कड़ाई से पूछताछ करेगी। जांच टीम का मुख्य फोकस इस बात पर है कि उत्तर प्रदेश से नशे की यह इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और यमुनानगर के टापू माजरा इलाके में इसे किस बड़े सप्लायर या लोकल पेडलर को सौंपा जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि युनुस से पूछताछ के बाद इस अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई और सफेदपोश चेहरों से पर्दा उठ सकता है।