Search

यमुनानगर पुलिस का बड़ा एक्शन: 36 लाख की अफीम के साथ 3 महिला तस्कर गिरफ्तार, बिहार से जुड़े तार

Mar 16, 2026 3:48 PM

यमुनानगर। नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में यमुनानगर पुलिस को सोमवार को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब एंटी नारकोटिक्स सेल ने भारी मात्रा में अफीम की खेप पकड़ ली। इस मामले की खास बात यह रही कि तस्करी के इस खेल को महिलाएं संचालित कर रही थीं। पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। डीएसपी राजीव मिगलानी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बरामद की गई 5.914 किलोग्राम अफीम की कीमत बाजार में लगभग 36 लाख रुपये है।

बिहार से जगी थी नशे की तार, खारवन रोड पर बिछाया जाल

एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के मोतिहारी जिले से अफीम की एक बड़ी खेप यमुनानगर में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खारवन रोड पर घेराबंदी की। यहाँ टीम ने नाजरा खातून और तूफान (निवासी इजरानवादा, मोतिहारी, बिहार) को संदिग्ध हालत में रोका। ड्यूटी मजिस्ट्रेट वीरेंद्र कुमार (ईटीओ) की मौजूदगी में जब इनकी तलाशी ली गई, तो बैग से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

सप्लाई चेन का पर्दाफाश: तिकोनी चौक से पकड़े गए स्थानीय रिसीवर

पुलिस की पूछताछ में नाजरा खातून ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यह खेप रामपुर कंबोयान के रहने वाले जुल्फकार और मुजाफ्त की प्रमिला को सप्लाई की जानी थी। टीम ने बिना वक्त गंवाए तिकोनी चौक पर दबिश दी और जुल्फकार व प्रमिला को भी धर दबोचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जुल्फकार कोई नया खिलाड़ी नहीं है; उसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के दो मामले अदालत में विचाराधीन हैं। वहीं, नाजरा खातून का आपराधिक रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।

कोर्ट ने भेजा रिमांड पर, गहरे राज उगलने की उम्मीद

जगाधरी शहर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी मिगलानी ने बताया कि रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बिहार में इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कौन है और यमुनानगर में इनके संपर्क और किन-किन लोगों से थे। पुलिस को अंदेशा है कि रिमांड के दौरान जिले में सक्रिय नशे के अन्य नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!