यमुनानगर में दहशत: घर के बाहर बैठे शख्स को घसीटकर ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई पिटाई
May 08, 2026 10:46 AM
यमुनानगर। यमुनानगर के जगाधरी स्थित अशोक विहार इलाके में बीती रात बदमाशों ने कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने पीड़ित को उसके घर के पास से जबरन उठाया और बस स्टैंड की तरफ घसीटते हुए ले गए। इस दौरान रास्ते भर उस पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया। हमले की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों की बर्बरता साफ नजर आ रही है।
मंदिर के बाहर बैठा था पीड़ित, अचानक आ धमके हमलावर
पीड़ित राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे वह खाना खाने के बाद गली में स्थित मंदिर के पास कुर्सी डालकर बैठा था और बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान तीन युवक हाथों में हथियार, डंडे और रॉड लेकर वहां पहुंचे। बिना किसी बात के आरोपियों ने राजकुमार को गालियां देनी शुरू कर दीं। जब राजकुमार ने इस बदतमीजी का विरोध किया और घर की तरफ जाने लगा, तो आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
पैंट पकड़कर घसीटा, पीछे से बरसाते रहे लात-घूंसे
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा मंजर किसी फिल्मी विलेन की करतूत जैसा है। आरोपियों ने राजकुमार को जबरन पकड़ लिया और उसे सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक हमलावर ने राजकुमार की बाजू पकड़ रखी है, दूसरा उसकी पैंट पकड़कर उसे आगे की तरफ खींच रहा है, जबकि तीसरा हमलावर पीछे से लगातार उस पर लातें बरसा रहा है। हमलावर उसे पीटते हुए बस स्टैंड की तरफ ले जा रहे थे। इस छीना-झपटी में राजकुमार का मोबाइल भी कहीं गिर गया।
सिर में आए 8 टांके, पुलिस ने शुरू की पहचान
सड़क पर शोर और राजकुमार की चीखें सुनकर जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले, तो खुद को घिरता देख हमलावर उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राजकुमार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक राजकुमार के सिर में गहरी चोट आई है, जहां 8 टांके लगाने पड़े हैं। इसके अलावा उसकी टांगों और पीठ पर भी रॉड के गंभीर निशान हैं।
जगाधरी शहर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुमित कंबोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास है और आरोपियों की पहचान लगभग सुनिश्चित कर ली गई है। पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही तीनों हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।