HSGMC की शिकायत पर एक्शन में पुलिस: सिख गुरुओं पर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट लिखने वाले पर केस दर्ज
May 19, 2026 4:26 PM
यमुनानगर। इंटरनेट पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने का एक नया मामला यमुनानगर में सामने आया है। यहां 'यश कुमार' नाम से संचालित एक फेसबुक आईडी से सिख गुरुओं और सिख धर्म को निशाना बनाते हुए बेहद अमर्यादित और आपत्तिजनक पोस्ट साझा की जा रही थीं। मामला जैसे ही हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के संज्ञान में आया, सिख समाज में रोष फैल गया। कमेटी ने इसे केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा बिगाड़ने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।
एसपी से मिला सिखों का प्रतिनिधिमंडल, तुरंत दर्ज हुई FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झिंडा, वरिष्ठ सदस्य सरदार बलदेव सिंह कानपुर और सरदार जोग सिंह ने तुरंत एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को जिला पुलिस कप्तान (एसपी) से मिलने भेजा। कमेटी के पदाधिकारियों ने एसपी यमुनानगर से मुलाकात कर उन्हें लिखित शिकायत सौंपी और आरोपी के खिलाफ देशद्रोह व धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को संवेदनशील मानते हुए एसपी ने तुरंत साइबर क्राइम थाना पुलिस को तफ्तीश सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए।
समाज का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
आईटी विभाग के इंचार्ज हरकीरत सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की घटिया हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। 'यश कुमार' नाम के इस हैंडल से लगातार दूसरे धर्मों के खिलाफ भी जहर उगला जा रहा था। इस मौके पर एचएसजीएमसी के आईटी विभाग के इंचार्ज हरकीरत सिंह, लीगल एडवाइजर सरदार कुलवंत सिंह, मैनेजर सरदार रविंदर सिंह, हेड ग्रंथी सरदार मनजीत सिंह और सरदार इकबाल सिंह भी मौजूद रहे। कमेटी के कानूनी सलाहकारों का कहना है कि वे इस मामले को अंजाम तक पहुंचाएंगे ताकि डिजिटल स्पेस में इस तरह नफरत फैलाने वाले तत्वों को एक सख्त संदेश दिया जा सके।