Search

होटल से घर लौट रहे रिसेप्शनिस्ट पर लोहे की रॉड से हमला, सिर में आए 9 टांके

Jun 08, 2026 1:23 PM

यमुनानगर। यमुनानगर शहर में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने आधी रात को जमकर उत्पात मचाया। होटल की ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे तीन दोस्तों पर करीब 10 युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। महज एक बाइक के टकराने से बचने और गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में आजाद नगर के रहने वाले 21 वर्षीय अभिषेक यादव के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह लहूलुहान हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों को अभिषेक के सिर के गहरे जख्म को सिलने के लिए 9 टांके लगाने पड़े।

बाल-बाल बची बाइक, गाली देने से मना किया तो बोले- 'आज मजा चखाएंगे'

पीड़ित अभिषेक यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डाउन टाउन होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करता है। रोज की तरह रात करीब 12 बजे वह अपने साथी कर्मचारियों अंस और प्रिंस के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर के लिए निकला था। जैसे ही उनकी बाइक सचदेवा फर्नीचर वाली गली से निकलकर महाराणा प्रताप पार्क की तरफ बढ़ी, तभी सामने से 5 बाइकों पर सवार होकर करीब 10 लड़के आए।-

बदमाशों की एक बाइक अभिषेक की मोटरसाइकिल से टकराते-टकराते बची। जब अभिषेक ने खुद को संभालते हुए उन्हें गालियां देने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए। महाराणा प्रताप पार्क के पूर्वी कोने के पास आरोपियों ने उनकी बाइक को घेर लिया और कहा, "आज तुम्हें हमसे पंगा लेने का मजा चखाते हैं।"

पैर में पहले से डली थी रॉड, हमलावरों ने उसी जगह पर फिर किया वार

देखते ही देखते बदमाशों ने डंडों, बेल्ट और लोहे की रॉड से तीनों दोस्तों पर हमला बोल दिया। अभिषेक ने बताया कि उसके पैर में पुराना फ्रैक्चर होने के कारण पहले से रॉड डली हुई थी। हैवानियत की हद पार करते हुए हमलावरों ने जानबूझकर लोहे की रॉड से उसी पैर पर जोरदार वार किया। इस दौरान अभिषेक के सिर, बाजू, पीठ और टांगों पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त प्रिंस को भी सिर में चोट आई है, और आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी सड़क पर पटक कर तोड़ दिया।

जान से मारने की धमकी देकर भागे बदमाश, पुलिस ने शुरू की धरपकड़

जब अभिषेक सड़क पर अधमरा होकर गिर गया, तो हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी बाइकों पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए। किसी तरह उसका तीसरा दोस्त अंस, घायल अभिषेक और प्रिंस को संभालते हुए यमुनानगर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। होश में आने के बाद अभिषेक ने अपने स्तर पर पड़ताल की तो हमलावरों की पहचान राजा राम कॉलोनी के अक्षित उर्फ चूहा, भंवर, सन्नी चौहान और राहुल सेठी के रूप में हुई।

सिटी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन चारों आरोपियों को नामजद करते हुए इनके बाकी साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!