Search

यमुनानगर-जगाधरी रेल यात्रियों की बल्ले-बल्ले, बिहार और बंगाल के लिए शुरू हुई 4 स्पेशल ट्रेनें

May 08, 2026 12:27 PM

यमुनानगर। तपती गर्मियों और स्कूलों की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में मची मारामारी के बीच रेलवे ने यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने चार विशेष समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जो न केवल हरियाणा और पंजाब को जोड़ेंगी, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों के लिए सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। इन ट्रेनों के ठहराव से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो लंबी वेटिंग के कारण टिकट बुक नहीं करा पा रहे थे।

बठिंडा-वाराणसी और अमृतसर-कोलकाता का शेड्यूल

रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 04519-20 बठिंडा-वाराणसी स्पेशल 16 जुलाई तक सप्ताह में दो दिन चलेगी। बठिंडा से यह ट्रेन हर बुधवार और शनिवार रात 8:50 पर चलकर देर रात 1:50 बजे यमुनानगर पहुंचेगी। वहीं, अमृतसर से कोलकाता के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 04623-24 प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन यमुनानगर स्टेशन पर मध्यरात्रि 1:43 बजे पहुंचेगी और तीसरे दिन शाम 5 बजे कोलकाता का सफर पूरा करेगी।

बिहार और झारखंड के रूट पर भी मिलेगी राहत

फिरोजपुर छावनी से झंझारपुर के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 04619-20 उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी जो बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र की ओर जाना चाहते हैं। यह ट्रेन हर शनिवार दोपहर 2:30 बजे फिरोजपुर से चलेगी और रात 9:10 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी। इसी तरह, पठानकोट से छपरा के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (05193-94) हर बुधवार को पठानकोट से चलकर सुबह 9:15 बजे यमुनानगर पहुंचेगी। खास बात यह है कि वापसी में यह ट्रेन छपरा से सोमवार दोपहर को चलकर अगले दिन सुबह 11:57 पर यमुनानगर आएगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे का खास इंतजाम

सीनियर डीसीएम यशजीत सिंह ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होती है। इसे देखते हुए रेलवे ने इन विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे यात्रियों की मांग और आवश्यकता के अनुसार भविष्य में भी इस तरह की व्यवस्था करता रहेगा। यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर इन ट्रेनों के रुकने से स्थानीय व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भी आवागमन में काफी सहूलियत होगी।


You may also like:

Please Login to comment in the post!