पांवटा साहिब मार्ग पर ओवरलोडेड ट्रक का कहर, 4 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, महिला की हालत नाजुक
May 29, 2026 12:03 PM
यमुनानगर (रघबीर सिंह) । यमुनानगर का लालढांग क्षेत्र आज एक बड़े सड़क हादसे का गवाह बना, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में उजाड़ दिया। शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश के रेणुका जी तीर्थ स्थल की ओर जा रहे श्रद्धालु परिवार के साथ लालढांग उतराई के पास यह काल बनकर आई दुर्घटना घटी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पांवटा साहिब की तरफ से मक्के की बोरियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक ढलान से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान ढलान पर अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। चालक गाड़ी पर काबू पाता, इससे पहले ही ट्रक ने आगे चल रही दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया और उनके ऊपर ही पलट गया।
मौके पर मची चीख-पुकार, मलबे में तब्दील हुईं बाइकें
हादसा इतना वीभत्स था कि टक्कर लगते ही दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार लोग ट्रक और मक्के की बोरियों के नीचे दब गए। हाईवे पर अचानक हुई इस तबाही के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और मक्के की बोरियों को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। साथ ही मामले की सूचना तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को दी गई। हादसे में चार लोगों के शरीर में कोई हलचल नहीं थी, उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, एक महिला की सांसें चल रही थीं, जिसे आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
चुहड़पुर कलां गांव के रहने वाले थे मृतक, जांच में जुटी पुलिस
रूह कंपा देने वाले इस हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइकों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक यमुनानगर के ही गांव चुहड़पुर कलां के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मृतकों की आधिकारिक पहचान व पंचनामा की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।