यमुनानगर: पश्चिमी यमुना नहर में डूबा तीन बच्चों का पिता, तीसरे दिन बरामद हुआ शव
May 11, 2026 1:18 PM
यमुनानगर। रादौर के खेड़ा मोहल्ला में रहने वाले सोहन लाल शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे गर्मी से राहत पाने के लिए पश्चिमी यमुना नहर में नहाने जा रहे हैं। लेकिन दोपहर ढलने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। मृतक के भतीजे पवन ने बताया कि वे तुरंत नहर किनारे पहुंचे, जहां कुछ राहगीरों ने बताया कि सुबह एक व्यक्ति नहाते समय संतुलन बिगड़ने के कारण तेज बहाव में बह गया था। इसके बाद से ही परिजन और स्थानीय गोताखोर लगातार नहर के किनारों पर तलाश कर रहे थे।
मंदिर के पास मिला शव, गोताखोरों ने निकाला बाहर
पिछले दो दिनों से परिजन उम्मीद और डर के बीच नहर पर पहरा दे रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे पास के एक मंदिर में रहने वाले व्यक्ति की नजर पानी में तैरते हुए एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही रादौर पुलिस और सोहन लाल के परिजन मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को किनारे लाया गया, जिसकी पहचान सोहन लाल के रूप में हुई। अपनों के सामने जब सोहन लाल का बेजान शरीर आया, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया।
परिवार का सहारा छिन गया, पुलिस जांच में जुटी
सोहन लाल मेहनत-मजदूरी (पल्लेदारी) कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद मोहल्ले के लोग भी गमगीन हैं। रादौर थाना पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और धारा 174 के तहत कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि में यह पैर फिसलने के कारण हुआ हादसा लग रहा है, हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।