Yamunanagar News: अवैध खनन पर प्रशासन सख्त 40 दिनों में 51 चालान, 23 लाख से अधिक जुर्माना
Mar 25, 2026 5:26 PM
यमुनानगर: डीसी प्रीति के आदेशानुसार जिला प्रशासन व खनन विभाग द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के तहत विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग स्वयं खनन गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है और संदिग्ध क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसडीएम रादौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले 10 दिनों में ओवरलोड वाहनों के 16 चालान किए गए हैं, जिन पर 5 लाख 97 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं पिछले 40 दिनों में कुल 51 चालान कर 23 लाख 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा अवैध खनन व परिवहन के मामलों में 4 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि गांव पोबारी में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए मोबाइल टीम द्वारा रात के समय अचानक छापेमारी की जा रही है। इसी दौरान पिछले 10 दिनों में 29 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए उपमंडल में त्रिवेणी चौक, जठलाना और गुमथला में तीन नाका पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जहां 24 घंटे वाहनों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही मोबाइल टीमें दिन-रात गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया तो भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।