Yamunanagar News: साढौरा में पार्षद उपचुनाव में भाजपा समर्थित लखविन्द्र सैनी की जीत
May 13, 2026 1:17 PM
साढौरा/यमुनानगर: वार्ड 9 पार्षद के उपचुनाव के लिए बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में मतगणना हुई। रिटर्निंग अधिकारी व्यासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने बताया कि इस वार्ड के कुल पंजीकृत 1020 में से 749 मतदाताओं ने वोट डाले थे। मतगणना के अनुसार लखविन्द्र सैनी ने 431 मत पाए जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी इनेलो के इंद्रजीत शर्मा को 212 मत हासिल हुए।
इस तरह लखविन्द्र सैनी ने 219 मतों के अंतर से जीत हासिल की। तीसरे नंबर पर रहे अशोक मेहता को 102 मत हासिल हुए। जबकि 4 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। लखविन्द्र सैनी ने न केवल जीत हासिल की बल्कि उन्होंने अपनी समर्थक भाजपा के वोट बैंक में भी बढ़ौतरी की। 2022 में हुए चुनाव में इस वार्ड से भाजपा प्रत्याशी जॉन सैनी को 27.41 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। जबकि लखविन्द्र सैनी को 57.54 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं।
इनेलो प्रत्याशी इंद्रजीत शर्मा 28.30 प्रतिशत मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। हालांकि 2022 में आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे इंद्रजीत शर्मा 119 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। जबकि 2022 में हुए चुनाव में विजेता रहे इनेलो प्रत्याशी सिकंदर सैनी को 40.15 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। इस तरह कृषक बहुल इस वार्ड में इनेलो के जनाधार में कमी आई है। पंच से लेकर जिला परिषद तक का चुनाव लड़कर प्रत्येक चुनाव मे हार का सामना कर चुके अशोक मेहता को बतौर आजाद प्रत्याशी इस उपचुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा है।
लखविन्द्र सैनी की जीत की घोषणा होते ही भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाना शुरु कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व विधायक बलवंत सिंह व जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका ने जीत के लिए सभी मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने इस जीत के लिए पीएम मोदी व सीएम नायब सैनी की नीतियों को श्रेय दिया। इस दौरान मार्केट कमेटी के चेयरमैन नवीन भसीन, नगरपालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा, वाइस चेयरमैन देवेन्द्र सैनी लवली, सीएम विंडों एमिनेंट पर्सन नैब सैनी व भाजपा मंडल महासचिव मंगतराम सैनी भी मौजूद रहे।