Search

Yamunanagar News: नगर निगम की सख्ती जारी, शराब ठेका व ढाबा संचालक समेत दस के काटे चालान

Mar 13, 2026 5:19 PM

यमुनानगर: खुले में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान चलाया हुआ है। नगर निगम द्वारा रोजाना कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने गंदगी फैलाने पर शराब ठेका व ढाबा संचालक समेत 8 दुकानदारों के चालान किए। वहीं, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर दो दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त प्रीति व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के निर्देशों पर की गई।

नगर निगम आयुक्त व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के निर्देशों पर खुले में गंदगी डालने व सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए जोन एक में मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व जोन दो में मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। शुक्रवार सुबह जोन एक में एसआई अमित कांबोज, एएसआई सचिन कांबोज व होमगार्ड के जवानों की टीम ने सबसे पहले जगाधरी मछली मार्केट स्थित शराब ठेके पर गंदगी मिली। जांच में पता चला कि यह गंदगी शराब ठेके के कारिंदे द्वारा डाली गई है। निगम की टीम ने ठेके के कारिंदे का मौके पर ही चालान किया और वहां की सफाई कराई गई। इसके बाद सफाई निरीक्षक अमित कांबोज की टीम बूड़िया चौक पर पहुंची।

यहां निगम की टीम ने इंडियन पब्लिक स्कूल के पास स्थित एक ढाबा संचालक व चार दुकानदारों के खुले में गंदगी डालने पर चालान किए गए। निगम की टीम ने दो दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित पॉलिथीन भी बरामद की। जिस पर निगम की टीम ने उनका भी चालान किया। निगम की टीम ने सभी दुकानदारों को गंदगी डालने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल करने और खुले में गंदगी न फैलाने के प्रति समझाया। इसी तरह जोन दो में सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया व होमगार्ड के जवानों की टीम ने जगाधरी वर्कशॉप रोड पर गंदगी फैलाते जा रहे प्लाई पत्ते से भरे एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक का चालान किया और उसे ट्रॉली में सामान ढककर और बांध कर सप्लाई करने के निर्देश दिए। 

इससे पूर्व उन्होंने वार्ड 22 की न्यू लक्ष्मी नर्सरी के संचालक का खुले में कूड़ा डालने पर चालान किया। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर शहर की साफ-सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और खुले में कचरा फैलाने से बचें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर को साफ व सुंदर बनाए रखने के लिए खुले में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों और वाहन चालकों से अपील है कि वे खुले में कचरा न डाले।

You may also like:

Please Login to comment in the post!