यमुनानगर में दर्दनाक मौत: एयर प्रेशर से सफाई करते वक्त फट गई मजदूर की नसें
May 08, 2026 10:58 AM
यमुनानगर। यमुनानगर के औद्योगिक क्षेत्र जोडियो से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की महज एक छोटी सी लापरवाही ने जान ले ली। काम खत्म होने के बाद एयर प्रेशर मशीन से अपने कपड़ों की धूल साफ कर रहे युवक के नाक और मुंह में हवा का ऐसा तेज झोंका गया कि शरीर के भीतर का सिस्टम ही फेल हो गया। हवा के अत्यधिक दबाव के कारण युवक की अंदरूनी नसें फट गईं और कुछ ही पलों में उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले 31 वर्षीय जुबरैल अंसारी के रूप में हुई है।
सावधानी हटी और घट गई अनहोनी
मिली जानकारी के मुताबिक, जुबरैल पिछले तीन साल से यमुनानगर की इस प्लाईवुड फैक्ट्री में कोर ड्राइ सुखाने का काम करता था। बुधवार की शाम जब शिफ्ट खत्म हुई, तो वह रोज की तरह फैक्ट्री में लगी एयर प्रेशर मशीन से अपने कपड़ों पर जमी धूल-मिट्टी साफ करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान प्रेशर पाइप का नोजल अचानक उसके चेहरे के करीब आ गया। हवा का दबाव इतना जबरदस्त था कि वह सीधे नाक और मुंह के रास्ते फेफड़ों और नसों तक जा पहुंचा। देखते ही देखते जुबरैल का चेहरा सूज गया और वह बेसुध होकर फर्श पर गिर पड़ा।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूर उसे तुरंत नजदीक के अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जुबरैल अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनका गुजारा उसकी इसी मेहनत की कमाई से चलता था। वह फैक्ट्री परिसर के क्वार्टर में अपने एक रिश्तेदार मोहम्मद अली के साथ रहता था। इस हादसे के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य श्रमिकों में दहशत और गम का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई: पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
सूचना मिलते ही फर्कपुर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह एक दुर्घटना का मामला लग रहा है। हवा का दबाव इतना अधिक था कि उसने शरीर के नाजुक अंगों को अंदर से पूरी तरह डैमेज कर दिया। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। झारखंड से पहुंचे परिजनों के बयान दर्ज करने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया है।