Search

यमुनानगर स्पेशल स्टाफ ने घेराबंदी कर पकड़ा स्नैचर, दो पुराने केस भी हैं दर्ज

May 09, 2026 11:20 AM

यमुनानगर। शहर में महिलाओं की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले स्नैचरों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने सबलपुर निवासी एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने वारदातों को अंजाम देने के लिए 'डबल प्लानिंग' की थी। आरोपी ने पहले पुलिस की नजरों से बचने के लिए एक बाइक चोरी की और फिर उसी वाहन का उपयोग कर राह चलती महिला से पर्स छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

विष्णु गार्डन में महिला को बनाया था निशाना

वारदात का शिकार हुई महिला 6 मई की शाम को जगाधरी के विष्णु गार्डन (ब्लॉक-बी) में पैदल ही गुरुद्वारे मत्था टेकने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार शुभम ने उसे अकेला देख झपट्टा मारा और हाथ से पर्स छीनकर रफूचक्कर हो गया। पर्स में नकदी और कुछ जरूरी दस्तावेज थे। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने वारदात में जिस बाइक का इस्तेमाल किया था, उसे उसने 4 मई को दोसड़का इलाके से चोरी किया था।

पुरानी हिस्ट्री ने बढ़ाई आरोपी की मुश्किलें

आरोपी शुभम कोई नौसिखिया अपराधी नहीं है। पुलिसिया जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से ही दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन हैं। स्पेशल स्टाफ की टीम जिसमें एसआई जसविंदर, कुलदीप, अमन और दीपक शामिल थे, ने मेहलावाली रोड पर जाल बिछाकर उसे उस समय दबोचा जब वह एक और वारदात की फिराक में घूम रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसने पिछले कुछ दिनों में जिले के अन्य इलाकों में भी स्नैचिंग या चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस की पैनी नजर और टीम वर्क

स्पेशल स्टाफ इंचार्ज ने बताया कि उन्हें इनपुट्स मिल रहे थे कि इलाके में एक संदिग्ध युवक चोरी की बाइक पर घूम रहा है। टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस का कहना है कि शहर में गश्त बढ़ा दी गई है और पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। शुभम की गिरफ्तारी से इलाके के लोगों, विशेषकर महिलाओं ने राहत की सांस ली है।


You may also like:

Please Login to comment in the post!