Search

यमुनानगर न्यूज़: बुलेट का चालान काटने पर बवाल, पुलिसकर्मी की वर्दी फटी, दो हिरासत में

Apr 16, 2026 12:43 PM

यमुनानगर। यमुनानगर के जगाधरी स्थित खेड़ा बाजार में बीती रात एक मामूली चालान का मामला रंजिश और मारपीट के बड़े बबाल में तब्दील हो गया। गश्त पर निकली पुलिस टीम द्वारा एक बुलेट मोटरसाइकिल का चालान करना उन्हें इतना भारी पड़ा कि बीच बाजार जमकर धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई। इस हंगामे में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और उसकी वर्दी तार-तार हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन कहानी का दूसरा पहलू पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा कर रहा है।

चालान से शुरू हुई 'जंग'

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम खेड़ा बाजार में नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों के चालान काट रही थी। इसी बीच एक बुलेट बाइक को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि बाइक मालिक अमन मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों के साथ उलझ गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि हाथापाई की नौबत आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी और पुलिसकर्मी रणदीप के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी वर्दी तक फट गई।

नाबालिग होने का दावा और पुलिस की ज्यादती

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अमन और उसके चाचा गुरदीप को पकड़ लिया और थाने ले गई। लेकिन दूसरी तरफ, अमन के परिजनों ने पुलिसिया कार्रवाई को पूरी तरह गलत करार दिया है। परिवार का कहना है कि अमन अभी नाबालिग है और 11वीं कक्षा का छात्र है। उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी उकसावे के बच्चे के साथ मारपीट की और उसे जबरन घसीटा। परिवार का सवाल है कि क्या एक छात्र के साथ इस तरह का सुलूक जायज है?

पुलिस की दलील और कानूनी कार्रवाई

वहीं, पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों के बचाव में खड़ा नजर आ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कानून सबके लिए बराबर है और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट करना या उसकी वर्दी फाड़ना गंभीर अपराध है। फिलहाल, अमन और गुरदीप के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या यह पुलिस का 'पावर गेम' था या फिर आम नागरिक की 'कानून के प्रति बेरुखी'? सच्चाई अब जांच की फाइलों में दफन है, जिसका बाहर आना बाकी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!